व्यापारियों ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

एसएसपी ने गठित की बदमाशों की तलाश के लिए 10 टीमें

Meerut। घटना के बाद एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा पर प्रश्न चिह्न लग गया है। व्यापारी और सर्राफ पहले भी सुरक्षित नहीं थे और लगातार अपनी सुरक्षा की मांग पुलिस प्रशासन से कर रहे थे। ऐसे में मंगलवार को जागृति विहार में सर्राफा की हत्या के बाद एक बार फिर व्यापारियों में उबाल है। व्यापारी अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल खडे़ कर रहे हैं। मंगलवार की घटना की जानकारी मिलते ही शहर के सभी व्यापारी और सर्राफ घटना स्थल पर पहुंच गए और रोष जताते हुए जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की।

व्यापारियों ने जताया रोष

हत्या के बाद सबसे पहले सेंट्रल मार्केट अध्यक्ष किशोर वाधवा समेत जागृति विहार व सेंट्रल मार्केट के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जागृति विहार शास्त्रीनगर व्यापार संघ के महामंत्री जितेंद्र अग्रवाल अटटू और उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर, वीरेंद्र शर्मा, दीपक गांधी ने मौके पर पहुंच कर अपना विरोध जताते हुए जागृति विहार का बाजार बंद करा दिया। इस दौरान व्यापारियों ने घटना के 24 घंटे में खुलासा करने की मांग की। इसके बाद संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता समेत संरक्षक अरुण वशिष्ठ, दलजीत सिंह, अनुज वशिष्ठ, नीरज त्यागी ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी पीडि़त परिवार से ली और अपना पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। कंकरखेड़ा व्यापार संघ से नीरज मित्तल ने मौके पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जताया। इसके बाद संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता गुट ने मौके पर पहुंचकर अपना रोष व्यक्त करते हुए पीडित परिवार को सांत्वना दी।

एसओ मेडिकल तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। घटना के आधा घंटे बाद भी एसओ ने घटना की सूचना के लिए फोन कर रहे लोगों के फोन नही उठाए। सीओ सिविल लाइन तक ने फोन नही उठाए। तत्काल प्रभाव से घटना खोली जाए। यदि 48 घंटे में घटना का खुलासा नही किया गया तो व्यापारी पुरजोर विरोध करेंगे।

अजय गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ

भाजपा के तीन साल के कार्यकाल में इससे बड़ी घटना नही हुई है। थानेदार आमजन का सूचना लेने के लिए फोन तक नही उठाते हैं। इसलिए बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। 48 घंटे बाद यदि घटना खुलासा नहीं हुआ तो बाजार बंद कर पुलिस प्रशासन का विरोध किया जाएगा।

नवीन गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ

घटनाओं की एक लंबी श्रृखंला हो चुकी है। इससे पहले भी कई घटनाएं ज्वैलर्स के साथ हो चुकी हैं जो अभी तक नही खुली है। इस संबंध में एसएसपी से बात हुई थी और कल उनसे हम लोग मिलने भी जा रहे हैं। आश्वासन मिला है कि घटना का जल्द खुलासा होगा।

विजय आनंद, महामंत्री, मेरठ बुलियन एसोसिएशन

विरोध में जागृति विहार बाजार कल बंद रहेगा। इसके साथ ही हमने कल शास्त्रीनगर एवं जागृति विहार व्यापार संघ कार्यकारिणी की बैठक रखी है। 24 घंटे में यदि पुलिस खुलासा नहीं करती है तो पूरा शास्त्रीनगर एवं सेंट्रल मार्केट बंद कर दिया जाएगा।

जितेंद्र अग्रवाल, महामंत्री, जागृति विहार शास्त्रीनगर व्यापार संघ

कोविड 19 की वजह से बेरोजगारी बढ़ी है। इस वजह से अपराध बढ़ रहा है। यदि आगे भी प्रशासन सचेत नही हुआ तो आगे पर भी ऐसी घटना हो सकती है। सीसीटीवी की उपयोगिता महत्वपूर्ण है, इसलिए व्यापारियों को अपनी सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने चाहिए। पुलिस को हम लोग 24 घंटे का समय देंगे ताकि पुलिस हम काम कर सके।

किशोर वाधवा, अध्यक्ष सेंट्रल मार्केट एसो।

Posted By: Inextlive