कार सवार बदमाशों ने माधवपुरम के सेक्टर-4 और फिर सेक्टर-2 में की अंधाधुंध फायरिंग

स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो कार छोड़कर भागे बदमाश

कार के मालिक को ढूंढ रही पुलिस, सीसीटीवी कैमरों की भी हो रही पड़ताल

18 दिन बाद फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा माधवपुरम

Meerut। ब्रह्मपुरी थाना एरिया के माधवपुरम में क्राइम कंट्रोल कर पाना पुलिस के बस की बात नहीं है। जी हां, 18 दिन बाद एक बार फिर माधवपुरम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दरअसल, कार सवार कुछ युवकों ने माधवपुरम में अंधाधुंध फायरिंग की और लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कार को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की।

ये है मामला

दरअसल, रविवार देर शाम कार सवार कुछ बदमाशों ने माधवपुरम सेक्टर-4 में ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। बावजूद इसके आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाई और फायरिंग करने वालों का पीछा किया। इसके बाद खुद का पीछा होता देख युवकों ने कार सेक्टर-2 की तरफ दौड़ा ली। यहां भी कार सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। मगर इस दौरान लोगों द्वारा घेराबंदी होती देख बदमाश लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए कार को छोड़कर लिसाड़ी गेट तारापुरी की तरफ से फरार हो गए। सूचना पाकर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल की। इसके बाद पुलिस क्रेन से कार उठवाकर थाने ले आई। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सुभाष अत्री ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तलाश में जुटी पुलिस

लिसाड़ी गेट की तरफ जब बदमाश भागे तो एसएसपी अजय साहनी ने पूरे मामले की जानकारी की। एसएसपी अजय साहनी ने एसपी सिटी विनीत भटनागर को कार्रवाई करने के निर्देशित किया। जिसके बाद कोतावली, लिसाड़ी गेट और ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने संभावित एरिया में बदमाशों की घेराबंदी करने की कोशिश की लेकिन वह हाथ नहीं चढ़ सके। पुलिस कार के मालिक का पता लगाने के साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए सेक्टर-4 और सेक्टर-2 में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।

आधा घंटे तक दहशत का माहौल

माधवपुरम में रविवार देर शाम बदमाशों ने आधा घंटे तक ताबड़तोड़ फायरिंग करके लोगों में दहशत का माहौल बना दिया। हालांकि कुछ लोगों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया, जिसके बाद बदमाश भाग निकले। वरना बदमाश माधवपुरम में अन्य जगह भी फायरिंग कर सकते थे।

पूर्वा शेखलाल में मारपीट और पथराव

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पूर्वा शेखलाल में दो भाईयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पथराव से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों भाइयों समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया।

क्या है मामला

सिविल लाइन थानाक्षेत्र स्थित हाशिमपुरा चौकी क्षेत्र में दो भाई संजय और रवि रहते हैं। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद है। शनिवार देर रात दोनों फिर आमने -सामने आ गए। गाली-गलौज के साथ ही मारपीट और पथराव शुरू हो गया। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी संजय, रवि और एक अन्य युवक अजय को हिरासत में ले लिया। इसके बाद रविवार को दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंच गए थे, जहां उनमें कहासुनी हो गई थी। थाना प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि भाइयों में पुराना विवाद चल रहा है। शनिवार रात आमने-सामने आ गए थे। पूरे मामले की जांच पड़ताल चल रही है,

जूते के पैसे नहीं देने पर होमगार्ड के घर पर फाय¨रग

जूते के पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर होमगार्ड के घर पर फाय¨रग कर दी। गनीमत रही की गोली किसी को नहीं लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। जिन्हें देखकर हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

आरोपी नहीं किए गिरफ्तार

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरी निवासी संतरपाल परिवार के साथ रहते है। वह होमगार्ड है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अभिषेक ने पड़ोस में रहने वाले कृष्ण पुत्र कालीचरण से जूते लिए थे। जूतों के पैसे नहीं देने पर बीती 10 मार्च को कृष्ण और अभिषेक की कहासुनी हो गई थी। उस समय ग्रामीणों ने दोनों को समझा कर घर भेज दिया था। आरोप है कि थोड़ी देर बाद कृष्ण ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर अभिषेक के घर पर फाय¨रग कर दी। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उसने एसएसपी से मामले की शिकायत की है।

Posted By: Inextlive