विपरीत दिशा में गाड़ी खड़ी कर शिकंजी पीना पड़ा महंगा

सूचना पर भाजपा कार्यकर्ता दौड़े, जुर्माने के बाद छूटी गाड़ी

Meerut। कैंट विधायक के भतीजे को विपरीत दिशा में गाड़ी खड़ी कर शिकंजी पीना महंगा पड़ा गया। कप्तान के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने गाड़ी को सीज कर दिया। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं की भागदौड़ के बाद जुर्माना देकर गाड़ी को छोड़ दिया गया। करीब दो घंटे तक खूब फोन भी घनघनाए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत निवासी अमित अग्रवाल कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के भतीजे हैं। उनकी साकेत में ही कैलाश डेयरी भी है।

ये था मामला

शुक्रवार को अमित अग्रवाल टीपीनगर से सेंट्रो गाड़ी में दूध-पनीर आदि ला रहे थे। कचहरी नाले के पास विपरीत दिशा में गाड़ी खड़ी कर वह शिकंजी पी रहे थे। तभी डीएम के बालाजी और कप्तान अजय साहनी एक ही गाड़ी से गुजर रहे थे। विधायक के भतीजे की गाड़ी सड़क पर गलत तरह से खड़ी देख कप्तान उतरे और पुलिसकर्मियों को गाड़ी सीज करने के लिए कहा। अमित अग्रवाल ने उन्हें अपना परिचय भी दिया, लेकिन कोई बात नहीं बनी। पुलिसकर्मी गाड़ी को थाने ले गए और उसे सीज कर दिया। इसकी जानकारी विधायक को लगी तो उन्होंने कप्तान से संपर्क किया। व्यापारी नेता जितेंद्र अग्रवाल, पूर्व पार्षद वीरेंद्र कुमार और भाजपाई भी थाने पहुंच गए थे। भागदौड़ के बाद गाड़ी के कागजात दिखाने और जुर्माना भरने के बाद गाड़ी को छोड़ दिया गया। सीओ देवेश कुमार ने बताया कि गाड़ी विपरीत दिशा में खड़ी थी, इसलिए उसे सीज कर दिया गया था। कागजात और जुर्माना भरने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

Posted By: Inextlive