सुबह औचक निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त को मिलीं खामियां

Meerut। नगर आयुक्त मनीष बंसल शुक्रवार सुबह सफाई व्यवस्था जायजा लेने निकले। औचक निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारियों पर निलंबन, वेतन कटौती से लेकर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई हुई।

मिली कई खामियां

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में खामियां पाई गईं। कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। शेरगढ़ी वार्ड-चार के सफाई नायक को निलंबित कर दिया गया। वार्ड- 26 शास्त्रीनगर के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक और सफाई नायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। छह सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा गया है। सबसे बड़ी कार्रवाई एक आउटसोर्सिग सफाई कर्मी पर हुई है। सफाईकर्मी की सेवा समाप्त कर दी गई। सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह भी निरीक्षण में शामिल रहे।

जलता मिला कूड़ा

वार्ड-6 में दुकानदार राहुल को कूड़ा जलाते हुए पकड़ लिया। इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही पांच सौ रुपये जुर्माना भी लगाया। दूसरा मामला वार्ड-32 का है। यहां भामाशाह पार्क की दीवार के पास योगेंद्र पुत्र तुलाराम को कूड़ा जलाते पकड़ा। इनके खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

Posted By: Inextlive