दनभर शहर में चला सेनेटाइजेशन अभियान

सहायक नगरायुक्त ने किया ऑक्सीजन सेंटर्स का निरीक्षण

Meerut। रोजाना बढ़ रहे कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए नगर निगम का शहर में सेनेटाइजेशन अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। इसके साथ ही खुद नगर निगम के आला अधिकारियों ने दिन भर शहर में जगह-जगह सेनेटाइजेशन अभियान समेत कंट्रोल रूम और ऑक्सीजन सेंटर्स का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ट्वीटर की शिकायतें

नगर आयुक्त मनीष बंसल के निर्देशों के अनुपालन में सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय ने सूरजकुंड डिपो के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। साथ ही ट्वीटर पर आने वाली शिकायतें ग्राहम कॉलोनी, लिसाड़ी गेट, वार्ड 13, जोशी पैलेस, आनंद हॉस्पिटल के पीछे दामोदर कॉलोनी, ओम नगर गली नंबर 1, कंकरखेड़ा की थी, जिनका निस्तारण किया गया।

सेनेटाइजेशन की शिकायतों का हुआ निस्तारण

मंगलवार को निगम की टीम द्वारा शहर में जगह-जगह सेनेटाइजेशन अभियान चलाते हुए फोन पर आने वाली शिकायतों में शास्त्रीनगर, मंगल पांडेय नगर, भगत सिंह पार्क, सेक्टर-8 आनंदपुरी में सेनेटाइजेशन किया गया। सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय सूरजकुंड डिपो प्रभारी अरुण खरखौदिया के साथ वार्ड 47 इंदिरा चौक, बुढ़ाना गेट, वार्ड 42 शास्त्री नगर ए ब्लॉक, वार्ड 14 जागृति विहार में हो रहे सेनेटाइजेशन कार्यो का निरीक्षण किया।

रिफिलिंग सेंटर्स का निरीक्षण

कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए नगर निगम के ऑक्सीजन सेंटर्स पर लगातार ऑक्सीजन सिलेंडर की डिमांड बढ़ रही है। इस क्रम में मंगलवार को तीनों केंद्रों सामुदायिक केंद्रों पर 129 सिलेंडर जमा किए गए। सिलेंडर होते ही इन्हें भरने के लिए तुरंत संबंधित एजेंसीज पर भेज दिया गया। नगर निगम की पूरी टीम इन तीनों स्थानों पर रात 8 बजे तक सिलेंडर की डिलीवरी देती रही। इसके साथ ही मंगलवार को मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, नगर आयुक्त मनीष बंसल एवं अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन ने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया और भविष्य में इसे किस तरह व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए उसके सुझाव दिए।

यह रही सेंटर्स की स्थिति

डिफेंस एनक्लेव में - 36

नवभारत विद्यापीठ स्कूल में- 71

सेक्टर 3 कम्युनिटी हॉल जागृति विहार में - 22

Posted By: Inextlive