रविवार को नगर निगम ने चलाया सफाई, सेनेटाइजेशन और फॉगिंग अभियान

प्रवासियों के लिए निगम ने शुरू किया गया सामुदायिक किचन

Meerut। कोविड-19 संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए नगर निगम ने रविवार को संपूर्ण शहर में स्वच्छता, सेनेटाइजेशन व फॉगिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के अधिकतर सभी वार्डो में सेनेटाइजेशन और स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निराश्रित पशुओं को चारा खिलाने का काम भी किया गया। साथ ही लोगों को वैक्सीनेशन के लिए भी निगम की टीम ने जागरुक किया। इसके साथ ही नगर निगम ने रविवार से एक बार फिर पांडव नगर में अपनी सामुदायिक किचन की शुरुआत करते हुए प्रवासियों को खाने के पैकेट वितरित किए।

सेनेटाइजेशन और सफाई

रविवार को इस विशेष सेनेटाइजेशन और सफाई अभियान की शुरुआत नगर आयुक्त मनीष बंसल ने वार्ड 32 में जेटिंग मशीन को हरी झंडी दिखाकर की। इसके बाद सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय और वार्ड पार्षद ललित नागदेव के नेतृत्व में वार्ड 32 की साकेत, साकेत गंगानगर, साकेत हरिलोक, साकेत कुंज, अंबेडकर कॉलोनी, मानसरोवर, मनरंजन पार्क, मसीपुरम, एकतापुरम, ईसाई शिक्षक कॉलोनी, शर्मा नागर, हाइडिल कॉलोनी, ट्यूबवेल कॉलोनी आदि कॉलोनियों मैं सेनेटाइजेशन और सफाई का अभियान चलाया गया। इसके साथ ही नगर निगम की टीम ने निराश्रित पशुओं को चारा खिलाने के साथ साथ सोशल मीडिया पर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करने की पहल करते हुए जागरुकता अभियान चलाया।

शाम को फॉगिंग

दिनभर सेनेटाइजेशन अभियान के साथ ही शाम को फॉगिंग का कार्य किया गया। इसके साथ ही वार्ड 74 जली कोठी, वार्ड 55 श्याम नगर, वार्ड 7 सोफीपुर,वार्ड 57 पल्लवपुरम फेस टू, वार्ड 38 आदर्श नगर, वार्ड 8 आदि लगभग 40 वार्डो समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर फॉगिंग का कार्य किया गया।

शुरू की सामुदायिक रसोई

बढ़त कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए अन्य प्रदेश व किसी अन्य जिले से आने वाले प्रवासियों के लिए नगर निगम मेरठ पांडव नगर कम्युनिटी सेंटर पर रविवार को कम्युनिटी किचन शुरू कर दिया। जिसके तहत रविवार को 300 पैकेट भोजन का वितरण सभी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत घंटा घर पर बेसहारा एवं निराश्रित लोगों के लिए किया गया। नगर निगम द्वारा इस सामुदायिक रसोई से रोजाना भोजन के पैकेट का वितरण किया जाएगा।

Posted By: Inextlive