90 वार्डो में अस्थाई खत्तों से लेकर फिर शुरु हुई नालों की सफाई

2500 से अधिक सफाई कर्मी अभियान में जुटे

16 अक्टूबर तक शहर को पूरी तरह साफ करने की कवायद

60 ढलाव घरों से शहर में उठाया जा चुका है कूड़ा

Meerut। नगर निगम ने शहर के 90 वार्डो की सफाई के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरु किया है। इस अभियान में निगम के 2500 से अधिक सफाई कर्मी जुट गए हैं। रोजाना सुबह आठ बजे से अभियान शुरु कर शहर की सड़कों से लेकर अस्थाई खत्तों, नालों, पार्क और सार्वजनिक स्थलों को साफ किया जा रहा है। अभियान को गंभीरता से पूरा कराने के लिए निगम के अधिकारी की फील्ड विजिट की डयूटी लगाई गई है। निगम का उद्देश्य है कि 16 अक्टूबर तक शहर पूरी तरह साफ दिखे।

ढलावघरों से उठ रहा कूड़ा

गत दो दिन में शहर के प्रमुख स्थानों में खत्ता रोड, घंटाघर, सोहराब गेट के कूड़ा घर, बुढ़ाना गेट व मोहनपुरी, सूरजकुंड स्थित कूड़ा घर, बच्चा पार्क स्थित कूड़ाघर समेत तकरीबन 60 ढलाव घरों से कूड़ा उठाया जा चुका है। वहीं रोड स्वीपिंग मशीन द्वारा हापुड़ रोड, बेगमपुल, गुलमर्ग रोड, गढ़ रोड आनन्द अस्पताल से काली नदी तक दोनों साइड सड़क की सफाई की जा रही हैं। वहीं सोमवार को जिला न्यायालय के अंदर एवं बाहर, जिला कलेक्ट्रेट के समस्त ऑफिसों को सैनिटाइज किया गया है।

यहां यहां चला अभियान-

वार्ड नंबर 44

सूरजकुंड वाहन डिपो के वाहनों द्वारा न्यू मोहनपुरी मुख्य रोड का कूड़ा साफ कराया गया।

वार्ड नंबर 80

बड़ा नाला ढवाई नगर को सूरजकुंड डिपो की बड़ी पोकलेन मशीन द्वारा साफ कराया गया।

वार्ड नंबर 33

टचिंग ग्राउंड हापुड़ रोड के निकट लोहिया नगर रोड का कूड़ा सूरजकुंड वाहन डिपो की जेसीबी एवं ट्रैक्टर ट्रॉलियों द्वारा साफ कराया गया।

सिविल लाइन वार्ड नंबर 32 में

सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया

वार्ड नंबर 44

बड़ा नाला नई मोहन को सूरजकुंड वाहन डिपो की मीडियम पोकलेन मशीन द्वारा साफ कराया गया।

कचहरी परिसर में सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया

शहर के सभी 90 वार्डो में रोजाना सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को नालों की सफाई, सेनेटाइजेशन, कूड़े की सफाई, अस्थाई खत्तों की सफाई का काम कराया गया।

डॉ। गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive