हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने भी अपनी तैयारियां जोरों शोरों से शुरु कर दी हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम वार्ड वार टीम बनाकर घरों तक तिरंगा पहुंचाएगा।

मेरठ (ब्यूरो)। निगम का लक्ष्य है कि कम से कम 3 लाख घरों की छतों पर निगम द्वारा तिरंंगा पहुंचाया जाए। अभियान की शुरूआत के लिए मंगलवार को तिरंगों के बंडल बनाने का काम शुरू हो गया। हर घर तक तिरंगा पहुंचाने के लिए 11 अगस्त से तिरंगा 13 अगस्त तक शहर के 90 वार्डों में तिरंगा वितरण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने वार्ड वार टीम गठित कर दी है।

निगम के टाउनहाल में पहुंचे
नगर निगम ने तीन लाख घरों तक तिरंगा पहुंचा का टारगेट तय किया है। इसके लिए अभी तक 1.58 लाख तिरंगा झंडे निगम के टाउनहाल में पहुंच चुके हैं जिसमें उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड लखनऊ से मिले 40 हजार तिरंगे शामिल हैं और 1.18 लाख तिरंगे झंडे नगर निगम ने खुद एकत्र किए हैं।

गुरुवार से शुरू होगा अभियान
तिरंगा वितरण अभियान के लिए मंगलवार को नगर निगम के टाउन हाल में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें तिरंगों को चेक कर उनके बंडल बनाने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई। तिरंगा झंडा कहीं से फटा हुआ ना हो या खराब ना होन इसके लिए तिरंगा झंडे को बारीकी से चेक कर 100-100 तिरंगा झंडे के बंडल बनाए जा रहे हैं। इसके लिए तिलकहाल में नगर निगम के 40 सदस्यों की टीम ने तिरंगा को चेक कर और उनके बंडल बनाने का काम शुरू दिया गया है।

तिरंगा पहुंचाने का काम
गुरुवार से निर्माण विभाग, कर विभाग, जलकल विभाग, विज्ञापन, संपत्ति, स्वास्थ्य अनुभाग, सफाई निरीक्षक, सफाई नायक की टीम समेत सभी अनुभागों हर घर तक तिरंगा पहुंचाने का काम शुरू करेगी।

Posted By: Inextlive