नगरायुक्त ने दिए डीपीआर बनाने के आदेश

900 मीट्रिक टन कूडे़ का रोजाना होगा निस्तारण

30 हजार मीट्रिक टन कूडे़ का निस्तारण होगा हर माह

Meerut। गांवडी डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट की योजना जल्द परवान चढ़ेगी। इसके लिए शासन स्तर से अनुमति मिलने के बाद निगम ने प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए डीपीआर तैयार करनी शुरु कर दी है। एनजीटी ने हाल ही में नगर निगम को मार्च तक कूड़े का निस्तारण करने का आदेश दिया है। इसके चलते निगम भी तेजी से प्लांट की क्षमता बढ़ाने की कार्रवाई में जुट गया है। प्लांट पर तीन गुनी क्षमता से कूडे़ का निस्तारण हो सकेगा।

खत्म होगा कूडे़ का ढे़र

महानगर से रोजाना 800 से 1000 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। इस कचरे के निस्तारण के लिए फिलहाल गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड में बैलेस्टिक सैपरेटर प्लांट संचालित है। इसकी क्षमता 150 मीट्रिक टन रोजाना है। जबकि यहां करीब 25 से 30 हजार मीट्रिक टन कूड़ा जमा है। गौरतलब है कि एनजीटी की ओवरसाइट कमेटी ने दो माह पहले डंपिंग ग्राउंड के कूड़े का वर्चुअल मुआयना करने के बाद मार्च 2021 तक कूड़े का निपटारा करने का आदेश दिया था। इसके चलते निगम के लिए यहां कूडे़ के ढेर का निस्तारण जल्द से जल्द करना अनिवार्य हो गया है। इसके लिए नगर निगम द्वारा एक प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 900 मीट्रिक टन प्रतिदिन करने की योजना बना रहा है।

900 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण

इस प्लांट की क्षमता बढ़ने से रोजाना करीब 900 मीट्रिक टन कूडे़ का निस्तारण शुरु होगा इससे करीब एक माह में निगम 30 हजार मीट्रिक टन कूडे़ का निस्तारण कर सकेगा। इसके बाद ही एनजीटी द्वारा मार्च तक मिली समय सीमा के अंदर कूड़े का निस्तारण हो सकेगा। इसके लिए नगर आयुक्त मनीष बंसल ने डीपीआर बनाने के निर्देश दे दिए हैं।

लोहियानगर में भी इंतजार

गांवड़ी के अतिरिक्त नगर निगम लोहियानगर में भी अतिरिक्त प्लांट लगाने का प्रयास कर रहा है लेकिन यह प्लांट अधर में लटका हुआ है। इस प्लांट के चालू होने के बाद ना केवल शास्त्रीनगर, मेडिकल, जागृति विहार, हापुड रोड, सिविल लाइन, दिल्ली रोड, तक के आधे से अधिक शहर के कूडे़ का निस्तारण हो सकेगा। प्लांट की निस्तारण क्षमता 300 मीट्रिक टन प्रतिदिन होगी।

मंगतपुरम प्लांट में अभी इंतजार

नगर निगम ने गांवडी के साथ लोहिया नगर और मंगतपुरम में भी कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने की योजना बनाई थी। शासन से लोहिया नगर में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने और गांवड़ी प्लांट के विस्तार की मंजूरी मिल गई है लेकिन मंगतपुरम पर अभी विचार नही हुआ है। ऐसे में लोहियानगर के बाद ही मंगतपुरम पर कवायद शुरु हो सकती है।

प्लांट की क्षमता बढ़ाने पर काम चल रहा है। इसके लिए डीपीआर भी तैयार की जा रही है। अगले माह प्लांट की क्षमता बढ़ने की संभावना है।

ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त

Posted By: Inextlive