आर्मी के जवान भी संक्रमित, 138 मरीज कोरोना को मात देकर हुए रिकवर

Meerut। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को 180 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। जबकि चार मरीजों की मौत भी हो गई। इनमें 68 साल की आनंद पुरी निवासी महिला, 36 साल के सुभाष नगर निवासी पुरुष, 65 साल के ब्रह्मपुरी निवासी पुरुष और 60 साल की प्रभात नगर निवासी महिला शामिल हैं। नए मिले मरीजों में पांच मरीज आर्मी से है। सीएमओ डॉ। राजकुमार ने इसकी पुष्टि की।

11.28 प्रतिशत पॉजिटिव मिले

जिले में वायरस का बढ़ता ग्राफ बिगड़ते हालातों की ओर इशारा कर रहा है। शनिवार को 1596 सैंपल जांचे गए। कुल 11.28 प्रतिशत मरीज पॉजिटिव पाए गए। जिले में अब कुल मरीजों का आंकड़ा 7092 हो गया है। जबकि एक्टिव केसेज की संख्या 1754 हो गई है। वहीं 138 मरीजों को रिकवर होने के बाद डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। अब तक कुल रिकवर मरीजों का आंकडा 5157 हो गया है। वहीं होम आइसोलेशन में 515 मरीज हैं।

92 नए मरीज सामने आए

शनिवार को मिले 180 मरीजों में 92 मरीज नए हैं। जबकि 88 मरीज पूर्व में संक्रमित मरीज के संपर्क वाले हैं। इनमें नौकरीपेशा बैंकर्स, टीचर्स, पुलिसकर्मी, पॉलिटिशियन, फार्मर, वेटनरी डॉक्टर, हाउस वाइफ और स्टूडेंट्स, पेंशनर, और हेल्थ वर्कर भी बड़ी संख्या में पॉजिटिव मिले हैं।

Posted By: Inextlive