थाने में शिकायत लेकर पहुंचे जल निगम के कर्मचारी।

नौचंदी थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर का मामला

कालोनी वालों के पक्ष में आए भाजपा कार्यकर्ता

Meerut। सीवर लाइन डालने के दौरान कर्मचारियों की मोहल्ले वालों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी, जिस पर कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। अफसरों तक सूचना पहुंची तो थाने में शिकायत की गई। दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया। जानकारी पर भाजपा कार्यकर्ता सुलह-समझौते के लिए पहुंच गए थे।

ये है मामला

नौचंदी थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। शुक्रवार को मोहल्ले वालों ने गंदगी को लेकर विरोध किया था। हालांकि तब मामला निपट गया था। शनिवार को फिर से काम चल रहा था। कुछ लोगों ने फिर से विरोध शुरू कर दिया, जिसका कर्मचारी फारुख ने विरोध किया। दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कालोनी के लोगों ने फारुख की पिटाई कर दी। इस पर कर्मचारियों ने काम बंद कर अधिकारियों को जानकारी दी। सभी थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दे दी। दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया और गाली-गलौज का आरोप लगाने लगा। घंटों तक थाने में हंगामा होता रहा। हालांकि बाद में भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए और उन्होंने अफसरों के साथ ही कालोनी के लोगों से बातचीत कर मामले को निपटा दिया। एसएसआई ने बताया कि लिखित में समझौता हो गया है। अब लोग सीवर लाइन के काम का विरोध नहीं करेंगे।

Posted By: Inextlive