हाथरस की बेटी के इंसाफ के लिए सड़कों पर उतरे लोग

वाल्मीकि समाज ने लिया शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने का निर्णय

Meerut। हाथरस में बेटी से हुई दरिंदगी और मौत का मामला और तूल पकड़ गया है। मृतक बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए दिनभर शहर में प्रदर्शनों का दौर जारी रहा। कई समाजसेवी संस्थाओं ने कमिश्नरी पर प्रदर्शन किया। वाल्मीकि समाज ने घंटाघर पर प्रदर्शन करते हुए हत्या के विरोध में गुरुवार को शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान कर दिया है। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने कहा कि यदि इस मामले में इंसाफ नही मिलता तो शहर सफाई व्यवस्था बाधित रहेगी। सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।

घंटाघर पर प्रदर्शन

वाल्मीकि समाज के लोगों ने घंटाघर पर प्रदर्शन करके हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग की। वाल्मीकि समाज के इस आंदोलन को लेकर मौके पर पुलिस, पीएसी और आरएएफ को भी बुला लिया गया। बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। वाल्मीकि समाज के लोगों ने कहा कि दरिंदों को फांसी मिले, 50 लाख रूपये पीडि़त परिवार को मुआवजा और निर्भया के पीडि़त परिवार को जो सुविधाएं मिलीं वही हाथरस की बेटी के परिवार को भी दी जाएं। इन मांगों से संबांधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया। इस दौरान घंटाघर भारी जाम लगना शुरु हो गया। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्त करनी पड़ी। बाजारों में अनाउंस कराकर छतरी वाले पीर से लेकर डीएन कालेज तक ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।

ठप रहेगी सफाई व्यवस्था

वहीं नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने निगम परिसर मे बैठक कर एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की घोषणा की। बैठक में कर्मचारियों ने देर रात हाथरस की बेटी का बिना परिजनों के जबरन अंतिम संस्कार कराने वाले पुलिस -प्रशासनिक अधिकारियों की सेवा समाप्ति और मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की। इसके बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को मेरठ में एक दिन की सांकेतिक हड़ताल का ऐलान कर दिया।

कांग्रेस सेवादल पर बरसी लाठियां

वहीं इस मामले में लावड़ में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश सचिव रोहित गुर्जर के नेतृत्व में युवती के लिए इंसाफ की मांग करते हुए प्रदर्शन में मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने कांग्रेस सेवादल प्रदेश सचिव रोहित गुर्जर, यंग ब्रिगेड सेवादल जिलाध्यक्ष सुमित विकल को गिरफ्तार कर लिया। इस मौके पर मोहम्मद नौशाद, एसके शाहरूख, बिट्टू, सोनू, आर्यन चौधरी, ऋषभ आदि मौजूद रहे।

इंसाफ दिलाने की मांग

वहीं इस मामले में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने भी हाथरस की बिटिया के साथ हुई घटना के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर गीतिका धमेजा, अभिषेक गुर्जर जीतू नागपाल, जीशान अहमद, पिंकी सिंह, प्रवीण, संजू, पार्वती, पुलकित गुप्ता, शैंकी वर्मा आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive