कैंट बोर्ड ने बुधवार को धूमधाम से किया पिंक रेवोल्यूशन का शुभारंभ

कंपनी गार्डन में रंगारंग कार्यक्रम के जरिए शहरवासियों को दिया संदेश

Meerut। कैंट बोर्ड ने बुधवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ पिंक मिशन समेत होम कंपोस्टिंग और जल संरक्षण के लिए जागरुकता अभियान की शुरुआत कर दी। गांधी बाग में आयोजित इस कार्यक्रम में कैंट बोर्ड के सदस्यों समेत विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं समेत स्कूल के बच्चे शामिल हुए। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। साथ ही शहरवासियों को अभियान में जुड़ने का संदेश दिया।

जागरुकता का संदेश

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड सीईओ प्रसाद चव्हाण मौजूद रहे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कैट बोर्ड ने कचरे के निस्तारण से संबंधित जानकारियों समेत विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाई प्रदर्शनी की भी जानकारी दी। प्रदर्शनी में ग्रोइंग पिपल्स संस्था ने गीले कचरे से कंपोस्टिंग, किचन गार्डन की जानकारी दी। जनहित फाउंडेशन की अनिता राणा ने घर में जल संरक्षण के विषय में जानकारी दी। जाने माने कवि ईश्वर चंद गंभीर ने पिंक मिशन को समर्पित गीत कैंट बोर्ड को दिया। क्लीन मेरठ की टीम के अमित कुमार ने जागरुकता के लिए आहवान किया।

नाटक से फैलाई जागरुकता

कार्यक्रम का संचालन सेंट जोंस की अध्यापिका विभा और गुंजन ने किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटिका, डांस और अन्य रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता और माहवारी संबंधित जागरुकता के लिए संदेश दिया गया। इन स्कूलों में केवी डोगरा, केवी पंजाब लाइन्स, सेंट जोंस, सिटी वोकेशनल, भागीरथी ग‌र्ल्स, दर्शन एकेडमी आदि स्कूलों के बच्चे शामिल रहे। भागीरथी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पिंक मिशन की पूरी जानकारी एक नाटक के माध्यम से दी। वहीं दर्पण कला केंद्र के विनोद बैचेन ने अपने सहयोगियों के साथ नुक्कड़ नाटिका का मंचन किया। जिसमें कचरे से होने वाले रोगों की जानकारी दी गई।

सेहत की हुई जांच

इस दौरान कैंट बोर्ड के चिकित्सकों के पैनल ने ना केवल बीमारियों के बारे में जानकारी दी बल्कि कार्यक्रम में आए लोगों की निशुल्क जांच भी की। टीम में कैंट अस्पताल की डॉ अनुराधा मौजूद रही। इस दौरान सीईओ का ब्लड टेस्ट भी किया गया।

आगे आई संस्थाएं

स्वयं सेवी संस्था ग्रोइंग पीपल्स, रोटरी क्लब और भारतीय वैश्य संगम के पदाधिकारियों ने मिशन पिंक के तहत छावनी निवासियों को पिंक डस्टबिन, सेनेटरी पैड और पिंक लिफाफे उपलब्ध कराने की जानकारी दी। कार्यक्रम में बोर्ड सदस्य बीना वाधवा, मुख्य अधिशासी अधिकारी डा ममता, रिनी जैन, मधु राठौर, पीयूष गौतम आदि मौजूद रहे।

ये रहा खास

कचरे के निस्तारण से संबंधित जानकारियों के लिए लगाई गई प्रदर्शनी

गीले कचरे से कंपोस्टिंग और किचन गार्डन की दी गई जानकारी

डॉक्टर्स के पैनल ने आम लोगों की निशुल्क जांच की

कैंट में पिंक डस्टबिन, सेनेटरी पैड और पिंक लिफाफे उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई

Posted By: Inextlive