1.12 करोड़ की लागत से बनाए जाएंगे पिंक टॉयलेट

10 स्थानों पर पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे

15 जगहों पर करीब बनाए जाएंगे पिंक बूथ

- 84 लाख रुपये की लागत से बनेंगे पिंक बूथ

- सुरक्षा के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती

Meerut । सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में महिलाओं की सुविधा के लिए नगर निगम पिंक शौचालयों की संख्या बढ़ाने जा रहा है। सेफ सिटी के तहत नगर निगम को पिंक शौचालय और पिंक बूथ बनाने का काम दिया गया है। इसके लिए निगम के निर्माण विभाग ने जगहों का चयन करने का काम शुरू कर दिया है।

जल्द शुरू होगा काम

मुख्य अभियंता यशवंत कुमार ने बताया कि सेफ सिटी योजना अंतर्गत नगर निगम को पिंक शौचालय व पिंक बूथ के निर्माण का जिम्मा दिया गया है। इसके लिए जगह का चयन कर काम शुरू होगा।

1.12 करोड़ की लागत

सेफ सिटी योजना के तहत नगर निगम शहर में 10 स्थानों पर पिंक शौचालय बनाएगा। इन शौचालयों के निर्माण पर निगम करीब 1.12 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

यहां बनेंगे टॉयलेट

इसके लिए निगम ने भाग्यश्री हॉस्पिटल मंगल पांडे नगर के पास, शॉपरिक्स माल के समीप, नगर निगम कार्यालय, सूरजकुंड और महिला अस्पताल के पास, साकेत गोल मार्केट के पास, मेरठ कॉलेज गेट के पास, कंकरखेड़ा पुलिस स्टेशन के पास, आइआइएमटी यूनिवर्सिटी गंगानगर और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सामने पिंक शौचालय निर्माण के लिए जगह का चयन किया है।

पिंक बूथ भी बनेंगे

इसके अलावा 15 जगहों पर करीब 84 लाख रुपये की लागत से पिंक बूथ बनाए जाएंगे। यहां महिला शिशु को स्तनपान कराने के अलावा डायपर बदलने जैसे काम कर सकेंगी। यहां महिलाओं की सुरक्षा के लिए दो महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

Posted By: Inextlive