शहर विधायक रफीक अंसारी, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, सपा नेता अतुल प्रधान हुए नजरबंद

सपा नेताओं ने की सीएम का पुतला फूंकने की कोशिश, आग से सीओ कोतवाली की झुलसी वर्दी

Meerut। सोमवार को सड़कों पर उतरे सपाईयों को पुलिस के विरोध का सामना करना पड़ा। शहर में कई जगहों पुलिस और सपा नेता व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, देर शाम सभी सपा नेताओं को मुचलके पर पुलिस ने छोड़ दिया। एसपी सिटी डॉ। अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि शहर में धारा 144 लगी है। ऐसे में किसी को विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।

नजरबंद हुए सपा नेता

दरअसल, किसानों के समर्थन में सोमवार को प्रदेशभर में सपा ने किसान यात्रा निकालने का आह्वान किया था। इसके तहत पुलिस ने रविवार देर रात ही शहर विधायक रफीक अंसारी को घर में नजरबंद कर दिया था। वहीं सोमवार सुबह सड़कों पर प्रर्दशन को रोकने के लिए सपा जिलाध्यक्ष को गंगानगर स्थित आवास और सपा नेता अतुल प्रधान शास्त्रीनगर स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। बावजूद इसके सीसीएसयू के छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष राजदीप विकल, विपिन भडाना, अनुज जावला, विपिन मनोठिया समेत सैकड़ों समर्थक अतुल प्रधान के आवास पर एकत्र हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

बाल-बाल बचे सीओ

हंगामा बढ़ने की सूचना पर मेडिकल और नौचंदी थाने की फोर्स समेत सीओ सिविल लाइन और सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन उग्र होने लगा तो अतुल प्रधान भी घर के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान सीएम का पुतला फूंकने की कोशिश की गई। पुलिस ने किसी तरह पुतला छीन लिया। मगर झड़प के दौरान सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया के कंधे पर जलते हुए पुतले का डंडा गिर गया। इससे उनकी वर्दी झुलस गई और वर्दी पर लगे बैच भी सड़क पर गिर गए।

पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सपा नेता अतुल प्रधान सहित एक दर्जन से अधिक सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें मवाना रोड कसेरू बक्सर स्थित अंबेडकर धर्मशाला में ले जाकर नजरबंद कर दिया गया। वहीं घर में नजरबंद सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह पुलिस को चकमा देकर घर से जेल चुंगी स्थित सपा कार्यालय पहुंच गए। वे किसानों के समर्थन में यात्रा निकालने लगे। मगर पुलिस को इस बाबत जानकारी मिल गई, जिससे यात्रा को रोक दिया गया। साथ ही यहां से जिलाध्यक्ष समेत सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करते हुए पुलिस लाइन लाया गया और देर शाम तक पुलिस लाइन में बैठाए रखा। पुलिस ने कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे मेरठ कॉलेज के छात्र नेता (सपा) सम्राट मलिक समेत कई छात्रों को सविल लाइन इंस्पेक्टर अब्दुर रहमान सिद्दिकी ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं थापर नगर में सपा नेता परविंद्र सिंह ईशू ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी। इनको भावनपुर थाने भेज दिया गया।

बॉक्स

धारा 144 का उल्लंघन

शहर में डीएम ने धारा 144 लगा रखी है। इसके बावजूद शहरभर में सड़कों पर प्रदर्शन और नारेबाजी हुई।

ट्रांसपोर्टर्स की सांकेतिक हड़ताल

किसानों के समर्थन में 8 दिसंबर को भारत बंद का मेरठ के ट्रांसपोर्टर्स ने समर्थन किया है। मंगलवार को मेरठ के करीब 15 हजार ट्रकों के पहिए सुबह से शाम 4 बजे तक थमे रहेंगे। किसानों के समर्थन में ट्रांसपोर्टर्स की यह केवल सांकेतिक हड़ताल रहेगी। केवल ट्रकों का संचालन नही होगा बाकि माल की बुकिंग, लोडिंग, बिलिंग आदि के काम जारी रहेंगे। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि किसानों के समर्थन में ट्रांसपोर्टर्स की केवल सांकेतिक हड़ताल रहेगी। शाम चार बजे तक ट्रकों का संचालन नही होगा।

खुलेगा बाजार और मंडी

वहीं भारत बंद में शहर के व्यापारिक संगठनों और मंडी अध्यक्षों का समर्थन नही है। ऐसे में शहर के सभी बाजार, दवा बाजार और सब्जी व फल मंडी रोजाना की तरह ही मंगलवार को खुलेंगे। संयुक्त व्यापार संगठन समेत अन्य सभी संगठनों ने इस बंदी से इंकार कर दिया है।

Posted By: Inextlive