जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि अशिक्षा और अधिक बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति के कारण देश में जनसंख्या विस्फोट हो रहा है। इस कारण देश में बेरोजगारी गरीबी भुखमरी और कुपोषण की समस्या बढ़ रही है। जनसंख्या असंतुलन के कारण संभावित गृहयुद्ध को रोकने के लिए रथयात्रा निकाली जा रही है।

मेरठ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश जनसंख्या नियंत्रण अभियान के अंतर्गत 66 जिलों में जनसंख्या समाधान यात्रा निकाली जा चुकी है। शनिवार को यात्रा गाजियाबाद से चलकर मेरठ पहुंची। जहां पर लोगों ने यात्रा भव्य स्वागत किया। इसके बाद सभा आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के मुख्य संरक्षक इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत विश्व की लगभग 18 फीसद जनसंख्या का भार वहन कर रहा है, जबकि आबादी के अनुपात में हमारा भूभाग बहुत कम यानि लगभग 2.4 फीसद है और जल भी विश्व का मात्र चार फीसद है। यही कारण है कि सरकार के तमाम उपायों के बावजूद भी देश में बेरोजगारी और गरीबी की समस्या बढ़ रही है।

कानून होना अति आवश्यक
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि जनसंख्या असंतुलन बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए देश के सभी नागरिकों को जाति, धर्म, क्षेत्र व भाषा से ऊपर उठकर सोचने की जरूरत है। कहा कि कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना अति आवश्यक है।

28 को अयोध्या में समापन
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र गुर्जर और राष्ट्रीय सचिव विनोद भाटी ने बताया कि जनसंख्या समाधान फाउंडेशन अपने उत्तर प्रदेश जनसंख्या नियंत्रण अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 66 जिलों में रथयात्रा निकालकर जिले-जिले सभा करके लोगों को एकजुट कर रहा है। 28 दिसंबर को अयोध्या में प्रस्तावित समापन सभा सहित प्रदेश की बड़ी सभाओं में संगठन के मुख्य संरक्षक इंद्रेश कुमार सहित देश व प्रदेश के अनेक महत्वपूर्ण लोग भी भाग लेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय संयोजक ममता सहगल, राष्ट्रीय महासचिव धमेंद्र धामा, सुनील शर्मा, सुधीर शर्मा, योगेंद्र सिंह अरोड़ा, शैलेश तोमर, विनोद भाटी, रामबाबू धामा, दिनेश चौहान, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गब्बर चौहान, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नीलकंठ, प्रदेश महासचिव तरूण कुमार गुप्ता आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।

Posted By: Inextlive