गली मोहल्लों सहित मुख्य मार्गो पर लोगों ने कर रखा है अतिक्रमण

नगर निगम ने दिखावे के लिए अनेक बार चलाया अभियान

Meerut। शहर में यदि जाम की समस्या से निजात चाहिए तो पहले अतिक्रमण को हटाना पड़ेगा। बिना अतिक्रमण हटाए जाम की समस्या से निजात नहीं मिलेगी। केवल नगर निगम या प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने से काम नहीं चलने वाला है। हमको भी जाम की समस्या से निजात पाने के लिए नगर निगम और प्रशासन का साथ देना होगा। अपने आप किया गया अतिक्रमण हटाना होगा।

नाकाम रहे अभियान

नगर निगम जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अनेक बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चला चुका है। लेकिन उस अभियान का नतीजा कुछ नहीं निकला। क्योंकि लोगों ने दोबारा से अतिक्रमण कर लिया है।

नहीं हुआ जुर्माना

नगर निगम ने अतिक्रमण करने पर आज तक किसी पर जुर्माना नहीं लगाया है। जबकि सरकार जमीन पर कब्जा करने या फिर अतिक्रमण करने पर कोई सजा का प्रावधान ही नहीं है। यही कारण है कि निगम ने आज तक किसी पर जुर्माना नहीं लगाया है।

अतिक्रमण ने बुरा हाल कर रखा है। हर जगह दुकानदारों ने अपना सामान सड़कों पर रखा है, जिस कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण जाम की समस्या होती है।

सचिन देव

प्रशासन को अतिक्रमण हटाना चाहिए। शहर में जाम का मुख्य कारण यही है। जो दोबारा से अतिक्रमण करे उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। बिना कार्रवाई के शहर से अतिक्रमण हटने वाला नही है।

शैलेंद्र चौहान

लोगों को खुद ही अतिक्रमण नहीं करना चाहिए। क्योंकि समस्या का सामना तो उन्हें भी करना पड़ता है। बावजूद इसके लोगों को समझ नहीं आता है। बिना पब्लिक के भागीदारी के अतिक्रमण हटने वाला नहीं है।

बॉबी

अतिक्रमण तो हटना चाहिए। प्रशासन को अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। जब उनको परेशानी होती है। तब ही केवल कार्रवाई करते हैं।

राकेश गौड

अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम में सजा का कोई प्रावधान नहीं है। यही कारण है कि कार्रवाई नहीं की जाती है। शासन को इस संबंध में कानून बनाने की मांग की है।

राजेश कुमार, संपत्ति अधिकारी नगर निगम

Posted By: Inextlive