-मुख्य अभियंता को सौंपी निरीक्षण रिपोर्ट

-नई छत डालने की बताई है आवश्यकता

Meerut : शहर के श्मशान घाटों में शवदाह स्थलों की एक बाद एक जर्जर स्थिति सामने आ रही है। नई बस्ती लल्लापुरा के शवदाह स्थलों के बाद अब खड़ौली श्मशान घाट के शवदाह स्थल की छत भी कमजोर पायी गई है। यहां नई छत डालने के लिए निर्माण विभाग जल्द प्रस्ताव तैयार करेगा।

किया निरीक्षण

मुख्य अभियंता के निर्देश पर निर्माण विभाग के अवर अभियंता प्रदीप श्रीवास्तव ने खड़ौली स्थित श्मशान घाट का निरीक्षण किया। उनके साथ पार्षद रेनू सैनी और उनके पति मनोज सैनी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यहां पर एक बड़ा और एक छोटा शवदाह स्थल है। बड़े शवदाह स्थल की स्थिति जर्जर है। छत काफी कमजोर है और छत का प्लास्टर गिर रहा है। सरिया भी दिखने लगी हैं। यह शवदाह स्थल डूडा ने बनवाया था। अवर अभियंता ने मुख्य अभियंता को निरीक्षण रिपोर्ट सौंप दी है। बड़े शवदाह स्थल पर नई छत के निर्माण की आवश्यकता बताई है। जबकि शवदाह स्थल के पिलर मजबूत हैं। लोगों के बैठने वाले स्थान पर भी मरम्मत की जरूरत है। मुख्य अभियंता यशवंत कुमार का कहना है कि छत निर्माण के लिए अवर अभियंता को प्रस्ताव बनाने को कहा गया है।

शवदाह स्थल का बना प्रस्ताव

नई बस्ती लल्लापुरा के श्मशान घाट स्थित एक शवदाह स्थल और एक बैठने के स्थान को तोड़ा जाएगा। उसके स्थान पर नया निर्माण किया जाएगा। अवर अभियंता प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शवदाह स्थल का लगभग पांच लाख रुपये और लोगों के बैठने वाले स्थान का लगभग 6.50 लाख का प्रस्ताव तैयार किया है। निर्माण कार्य के लिए जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा।

Posted By: Inextlive