आपत्ति के आवेदन के लिए वेबसाइट पर ही उपलब्ध हैं फॉर्म

Meerut। कैंट बोर्ड की वोटर लिस्ट बनकर तैयार हो चुकी है। मगर हर बार की तरह जारी होने वाली लिस्ट को कोरोना संक्रमण के चलते वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है। इस लिस्ट को कैंट बोर्ड कार्यालय के साथ ही क्षेत्रीय निवासी भी कैंट बोर्ड की वेबसाइटट Cbmrt.org.in पर जाकर देख सकता है।

ऑनलाइ देखें वोटर लिस्ट

कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष विपिन सोढ़ी ने बताया कि कोरोना काल के चलते जनहित में पहली बार वेबसाइट पर वोटर लिस्ट को अपलोड किया गया है। वेबसाइट पर ऑनलाइन लिस्ट में अगर किसी परिवार के किसी सदस्य का नाम नहीं या कोई नया नाम लिस्ट में जुड़वाना है या फिर किसी नाम में गलती है तो इसके लिए ऑनलाइन ही आवेदन किया जाएगा। इसके लिए फॉर्म भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि आपत्ति दर्ज करने की लास्ट डेट 20 जुलाई है लेकिन इसे बढ़ाया भी जा सकता है।

दोबारा होगा कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष का चुनाव

सोमवार अर्धरात्री उपरांत कैंट बोर्ड के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया, वहीं अब कैंट बोर्ड का कोई उपाध्यक्ष नहीं है। अब सिर्फ आठ वार्ड के सदस्य मात्र हैं। हालांकि इनको भी एक बार फिर से शपथ लेनी होगी। जहां तक उपाध्यक्ष सवाल है तो कोई भी कैंट बोर्ड का उपाध्यक्ष नहीं है। नए उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके लिए कैंट बोर्ड अध्यक्ष की अनुमति से चुनावी प्रक्रिया का ऐलान करना होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने से लेकर चुनाव के लिए मतदान तक की प्रक्रिया से गुजरना होगा। या फिर यह भी संभव है कि उपाध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से करा दिया जाए।

ये है मामला

सूत्रों के मुताबिक चुनाव तभी होगा जब कैंट बोर्ड के अध्यक्ष उपलब्ध हों। वर्तमान अध्यक्ष ब्रिगेडियन अनमोल सूद का तवादल हो गया है। 6 जुलाई को उन्होंने अंतिम बोर्ड बैठक की। नए अध्यक्ष का इंतजार किया जा रहा है। संभव है कि नए अध्यक्ष के आने में देरी की स्थिति में किसी को कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व दिया जाए। कार्यकारी अध्यक्ष पहले सदस्यों को शपथ दिलाएं और बाद में उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया की घोषणा कर दी जाए। कैंट एक्ट में बोर्ड का कार्यकाल बढ़ाए जाने का प्रावधान है, लेकिन उपाध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाए जाने का प्रावधान नहीं है। उसके लिए चुनाव ही एक मात्र रास्ता है।

Posted By: Inextlive