- आए दिन मचाते रहते हैं बच्चा जेल में उत्पात

- प्रशासन के लिए गले की हड्डी बने हैं उत्पाती किशोर

मेरठ: राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह में आए दिन हो रहे उत्पात से उत्पाती किशोरों को शिफ्ट करना प्रशासन की मजबूरी बन गई है। नहीं तो वो दिन दूर नहीं है, जब किसी बड़ी घटना का बच्चा जेल गवाह बने।

मचा सकते भारी तबाही

पिछले कुछ दिनों बच्चा जेल में हुए उत्पातों से इतना तो तय है कि बंदी किशोरों के इरादे कितने खतरनाक है। बच्चा जेल से बाहर आकर पथराव करना बताता है कि इन्हें जेल में कितनी सुरक्षा के साथ रखा जाता है। ऐसे में साफ है कि अगर ये उत्पाती किशोर जेल से भागने का प्लान बना लें, तो इन्हें कोई रोक नहीं सकता है।

स्थिति हो सकती है विस्फोटक

बच्चा जेल में किस कदर किशोरों ने उत्पात मचाया था, ये किसी से छुपा नहीं है। ऐसे में अब किशोरों को लेकर प्रशासन को सख्त रूख अपनाने की जरूरत है। नहीं तो वो दिन दूर नहीं है, जब किशोर किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे दें।

ये हैं खतरनाक

बच्चा जेल में आठ सिलेंडर रोज खाली होते हैं। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि कितने सिलेंडर बच्चा जेल में हो सकते हैं। इसी के साथ फर्नीचर तोड़ने में भी किशोर पीछे नहीं रहते हैं। जेल में लगे शीशों को भी किशोर हथियारों के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।

कर्मचारी पिस रहे हैं

दरअसल, बच्चा जेल में प्रशासन ने कोई सख्त सिक्योरिटी नहीं रखी हुई है। सारी जिम्मेदारी बच्चा जेल कर्मचारियों की ही है। लेकिन जेल प्रशासन के ये कर्मचारी बंदी किशोरों के रौद्र रूप से वाकिफ हैं, इसी वजह से कर्मचारी इन किशोरों से डरते हैं। ये लोग इन किशोरों का सामना नहीं कर पाते हैं। रविवार को भी जब बच्चा जेल में किशोरों ने बाहर आकर पथराव किया, तो जेल कर्मचारी उल्टे पांव भागते नजर आए।

टूट सकता है सब्र का बांध

बच्चा जेल के पास गांधीनगर कॉलोनी के लोग इन किशोरों के उत्पात से कितने परेशान हैं, ये सभी जानते हैं। इन किशोरों की अश्लील टिप्पणी से लोग तंग आ चुके हैं। दिन में किशोर शीशे से लोगों के घरों में लेजर लाइट मारते हैं। इतना ही नहीं गली से गुजरने वाली महिलाओं और लड़कियों पर ये लोग अश्लील टिप्पणी करते हैं। जिससे यहां की महिलाओं और युवतियों ने छतों पर चढ़ना तो दूर गली में निकलना भी बंद कर दिया है।

देते हैं देख लेने की धमकी

बंदी किशोर इतने आक्रमक हैं कि अगर कोई कॉलोनी वाला महिलाओं और युवतियों के बचाव में आकर खड़ा होता है, तो फिर किशोर खुले आम इन लोगों को देख लेने की धमकी तक दे डालते हैं।

कुछ उत्पाती किशोरों ने बच्चा जेल की स्थिति को खराब कर दिया है। इससे अब कुछ उत्पाती किशोरों को शिफ्ट करना मजबूरी बन गया है।

-यतेन्द्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी

Posted By: Inextlive