नई दिल्ली की सीएसआइआर लैब में हुई जीनोम सिक्वेंसिंग टेस्ट रिपोर्ट में पुष्टि

अब तक 15 मरीजों में पुष्टि, एक ही चेन से फैला वायरस

Meerut। जिले में बुधवार को कोरोना वायरस के यूके स्ट्रेन की 6 और मरीजों में पुष्टि हो गई। सीएमओ डॉ। अखिलेश मोहन ने बताया कि नई दिल्ली की सीएसआइआर लैब में हुई जीनोम सिक्वेंसिंग जांच में ये लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 5 मरीज बलवंत एन्क्लेव के हैं। जबकि एक यहां काम करने वाली सूरजकुंड निवासी महिला है। उन्होंने बताया कि सभी मरीज 1 जनवरी से ही अस्पताल में एडमिट हैं। जिले में अब तक कुल नए स्ट्रेन के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 15 हो गया है। सभी मरीज ब्रिटेन से लौटे संत विहार निवासी मरीजों के कांटेक्ट चेन के हैं। इनमें से 3 मरीज रिकवर होकर डिस्चार्ज हो गए हैं।

एक और मरीज पॉजिटिव

मरीजों में यूके स्ट्रेन की पुष्टि होने के बाद बुधवार को बलवंत एन्क्लेव में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जांच कैंप लगाया। इस दौरान 45 से ज्यादा लोगों की जांच की गई, इनमें सभी निगेटिव मिले। वहीं सोमवार को पॉजिटिव मिली एक महिला की जीनोमिक स्कि्वेंसिंग जांच के लिए सैंपल दिल्ली भेजा गया है। वहीं अस्पताल में एडमिट मरीजों को 14 दिन तक अस्पताल में रखकर दोबारा जांच करवाई जाएंगी। 24 घंटे के अंतराल पर दो जांच होगी। दोनों रिपोर्ट निगेटिव आने पर मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। हालांकि इसके बाद भी उन्हें अपने घर पर क्वारंटाइन होना होगा।

इंद्रप्रस्थ एस्टेट में सर्वे

स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे इंद्रप्रस्थ एस्टेट की सभी कॉलोनियों को सील कर दिया गया है। इनमें बलवंत एन्क्लेव, आनंदलोक और इंद्रप्रस्थ में आज बड़े पैमाने पर घर-घर सर्वे किया जाएगा। डीएसओ डॉ। प्रशांत ने बताया कि अब तक सबसे ज्यादा 12 मरीज इसी सोसाइटी से मिले हैं। उन्होंने बताया कि 750 लोगों की जांच विभाग ने की थी, इसमें से 31 पॉजिटिव मिले थे। इनमें से 19 लोगों के सैंपल में स्ट्रेन-2 की जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें 12 सिर्फ बलवंत नगर एनक्लेव मिले हैं।

नहीं आ रहे लक्षण

सीएमओ ने बताया कि नए स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है लेकिन मरीजों में कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। सभी मरीज एसिम्टोमैटिक हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि डरने वाली कोई बात नहीं हैं। सभी को निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया है। विभाग अब कांटेक्ट ट्रेसिंग पर जोर दे रहा है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों को लिस्टेड किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive