शहर की संकरी गलियों से नहीं हो पाता कूड़ा कलेक्शन

नगर निगम की छोटी ठेला गाडि़यां कूड़ा लेने पहुंचेंगी गली-गली

Meerut। करीब तीन साल बाद भी मेरठ नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था अधूरी चल रही है। शहर की संकरी गलियों और पुराने शहर में घर से कूड़ा कलेक्शन का काम अभी अधूरा था क्योंकि निगम की कूड़ा कलेक्शन गाडि़यों का साइज बड़ा होने के कारण ये गलियों में नहीं जा पा रही थी। अब निगम ने अपनी इस कमी को दूर करते हुए शहर के वार्डो की संकरी गलियों से कूड़ा कलेक्शन की शुरुआत कर दी है। इसके लिए छोटी ठेला गाडि़यों का संचालन मंगलवार को शुरू कर दिया गया।

हटेगा कूडे़ का ढेर

नगर निगम की कूड़ा कलेक्शन गाडि़यों के साइज के कारण यह परेशानी आ रही थी कि संकरी गलियों में घरों से कूड़ा एकत्र नहीं हो पा रहा था। जब तक गली में रहने वाले लोग गाड़ी की आवाज सुनकर गली के बाहर आते, कूड़ा कलेक्शन गाड़ी चली जाती। नतीजतन, लोगों ने अपनी घर के या गली के बाहर कूड़ा फेंकना शुरू कर दिया था। इस समस्या को दूर करने के लिए मंगलवार को नगर निगम के तीनों डिपो से छोटी ठेला गाडि़यों का संचालन शुरू किया गया।

घर-घर से कलेक्शन

इस ठेला गाडि़यों का संचालन उन गलियों में होगा, जहां डोर-टू-डोर कलेक्शन गाडि़यां नहीं जा पाती हैं। इन ठेलों में नगर निगम के कर्मचारी घरों से कूड़ा एकत्र कर अस्थाई डंपिंग ग्राउंड तक जाएंगे और वहां डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडि़यों में कूड़ा डाल देंगे। इसके अलावा गलियों में जगह जगह लगे कूडे़ के ढेर, सार्वजनिक स्थलों में पड़ा कूड़ा भी एकत्र किया जाएगा। अब तक ठेलों की कमी के कारण नगर निगम गलियों की सफाई नहीं कर पा रहा था। सुबह के समय कूड़ा कलेक्शन गाडि़यां आने के समय ही एक बार ही अधिकतर वार्डो में साफ सफाई हो रही थी। इस समस्या का निदान ठेला गाडि़यों के आने के बाद हो जाएगा।

हर जगह डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन गाडि़यों की पहुंच संभव नहीं थी। कई जगह समस्या आ रही थी कि कूड़ा नहीं उठ रहा। अब ठेला गाडि़यों से हर जगह तक पहुंच संभव होगी। ठेलों की संख्या कम थी, उनको बढ़ाया गया है।

डॉ। गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive