-पश्चिमी कमान के कमांडर ने भी किया दोनों डिवीजनों का निरीक्षण

-सेना के दोनों आला अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

मेरठ : उत्तर भारत (यूबी) एरिया कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल विशंभर सिंह ने शनिवार को छावनी इलाके में सेना की ओर से लगाए गए गेटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उनहोंने हर गेट के बारे में जानकारी लेने के साथ ही मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। सब एरिया कमांडर सुनील यादव ने उन्हें हर स्थिति से अवगत कराते हुए पूरी जानकारी दी। इन गेटों को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध के कारण की भी जानकारी दी गई। सब एरिया ने पिछले दिनों जारी अपने बयान में बताए गए कारणों को कमांडर के सामने रखा और मेरठ में सुरक्षा कारणों से लगाए गए गेटों के बारें में स्थलीय सच्चाई से अवगत कराया।

इसके अलावा उन्होंने सेना की ओर से विभिन्न जगहों पर बनाए जा रहे नई इमारतों का भी निरीक्षण किया। साथ ही वे शनिवार को आरवीसी सेंट एंड कालेज पहुंचे जहां स्वान व घोड़ों की फैकल्टी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनहोंने जरूरी सुझाव देने के लिए अन्य व्यवस्थाओं व सुविधाओं पर चल रहे कार्य का विवरण भी जाना।

इसके साथ ही शनिवार को मेरठ पहुंचे पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह ने पाइन डिव व चार्जिग रैम डिव का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों डिव के साथ ही मेरठ गैरीशन का निरीक्षण करने के साथ ही सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों व यूनिटों के अफसरों को संबोधन में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में चुस्ती बनाए रखने के आदेश दिया। सेना की ओर से इस निरीक्षण को ऑपरेशनल निरीक्षण बताते हुए अधिक जानकारी नहीं दी गई है। साथ ही सब एरिया की ओर से आला अधिकारियों के इस दौरे को पूरी तरह से गोपनीय ही रखा गया।

Posted By: Inextlive