पुलिस ने 71 बने और अधबने तमंचे बरामद किए

आरोपी एनसीआर में सप्लाई कर रहे थे हथियार

एक आरोपी पर दिल्ली पुलिस ने रखा था एक लाख का इनाम

Meerut। तमंचा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने 71 बने और अधबने तमंचों समेत तमंचे भी बरामद किए। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में से एक आरोपी दिल्ली का एक लाख रुपये का वांछित अपराधी है। वहीं पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी आसपास के जिलों के अलावा दिल्ली में भी तमंचों की सप्लाई करते थे।

प्रेसवार्ता में खुलासा

पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि लिसाड़ी गेट थाना पुलिस को रविवार रात सूचना मिली कि अलीबाग कालोनी में तमंचे बनाए जा रहे हैं। पुलिस टीम ने दबिश दी और मौके से दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए। दोनों आरोपियों की पहचान समीर उर्फ मेढक निवासी गोला कुआं इस्लामाबाद और शाबिर निवासी अली बाग कालोनी रानी मेडिकल स्टोर वाली गली के रूप में हुई। मौके से पुलिस ने 71 बने और अधबने तमंचों समेत तमंचे बनाने का काफी सामान भी बरामद किया। आरोपी समीर सप्लायर है, जबकि फैक्ट्री शाबिर की है। समीर की दोस्ती शारिक से भी है। दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी। समीर ने शारिक गैंग को भी बड़ी संख्या में हथियार सप्लाई किए हैं। दोनों कई सालों से हथियार बनाने और सप्लाई का काम करते हैं। वहीं, सूत्रों का कहना है कि आरोपी पंचायत चुनाव के लिए भी तमंचे तैयार कर रहे थे। बड़ी संख्या में उनको आर्डर मिला था।

एक लाख का इनामी समीर

थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि समीर पर मेरठ में 25 हजार का इनाम है। वहीं समीर दिल्ली से भी एक लाख इनामी है और वांछित भी चल रहा है। हालांकि कुछ दिनों पहले दिल्ली पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पकड़ा भी था। उसके साथ ही एक और आरोपी को भी पकड़ा था। समीर की जानकारी दिल्ली पुलिस को भी साझा की जा रही है। आरोपी को रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई के साथ ही शारिक गैंग को हथियारों की सप्लाई भी रुक जाएगी। वहीं, कुछ दिनों पहले ब्रह्मपुरी पुलिस ने भी हथियार तस्कर पकड़े थे। ऐसी चर्चा है कि उनकी ही निशानदेही पर आरोपी हाथ आए हैं।

हथियारों का बड़ा कारोबार

7 सितंबर 2020

पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 239 अवैध हथियार बरामद किए थे।

2 जुलाई 2020

हुमायूंनगर में घर के असलहे तैयार कर रहे फखरू उर्फ फखरूद्दीन को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे में बड़ी संख्या में तमंचे और बंदूक मिली थी।

1 सितंबर 2019

गंगानगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर दर्जन भर तमंचे बरामद किए थे।

9 अप्रैल 2019

लिसाड़ी गेट पुलिस ने तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। फैक्ट्री से भारी संख्या में अवैध हथियार बनाने का काम जोरों पर चल रहा था।

10 अक्टूबर 2018

लिसाड़ीगेट के लक्खीपुरा में पांच माह से पिस्टल बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में पिस्टल बरामद करने के साथ आरोपियों को भी मौके से दबोचा था।

Posted By: Inextlive