नगर निगम ने अलग-अलग डिपो पर आ रही कॉल्स और मैसेज पर लोगों की डिमांड को देखते हुए किया सेनटाइजेशन

55 से अधिक वार्डो में हुआ सेनेटाइजेशन

सूरजकुंड शमशान घाट को भी किया गया सेनेटाइज

निगम कर्मचारियों ने पीपीई किट पहनकर किया सेनेटाइजेशन

Meerut। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को काबू करने के लिए नगर निगम की सेनेटाइजेशन व्यवस्था ओर अधिक तेज कर दिया है। इस क्रम में गुरुवार को नगर निगम द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर लोगों ने लगातार संपर्क कर अपने-अपने क्षेत्र में सेनेटाइजेशन की मांग करना शुरू कर दिया है। जिसके चलते शुक्रवार को निगम की टीम दिन भर शहर के अलग-अलग वार्ड में सेनेटाइजेशन करने में जुटी रही। वहीं कोरोना संक्रमण को देखते हुए शुक्रवार से नगर निगम की टीम ने पीपीई किट के साथ सेनेटाइजेशन का काम शुरू किया। शहर के हॉट स्पॉट में सेनेटाइजेशन व कूड़ा कलेक्शन का काम करने वाले कर्मचारियों को पीपीई किट उपलब्ध कराई गई है। उधर, शुक्रवार को नगरायुक्त मनीष बसंल ने भी दूसरे चरण की वैक्सीन लगाकर जागरुकता का संदेश दिया।

सूरजकुंड हुआ सेनेटाइज

लगातार बढ़ रहे कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए नगर आयुक्त मनीष बंसल के निर्देश पर शहर के सभी हॉट स्पॉट क्षेत्रों में शुक्रवार को गहन सैनिटाइजेशन एवं सफाई अभियान चलाया गया। इसके तहत सूरजकुंड शमशान घाट समेत शहर के 50 से अधिक वार्डो के बाजार, सार्वजनिक स्थल, गलियों, पार्क, शोरूम, दुकान आदि सेनेटाइज किए गए। इस दौरान प्रशासन द्वारा प्रदान की गई हॉट स्पॉट सूची के अनुसार शहर के विभिन्न हॉट स्पॉट स्थलों पर निगम कर्मचारियों द्वारा पीपीई किट पहन कर विशेष सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया।

शिकायतों का निस्तारण

वहीं गुरुवार को नगर निगम द्वारा तीनों डिपो में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम के नंबरों पर शुक्रवार सुबह से ही शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया। इनमें से अधिकतर कंप्लेंट और व्हाट्सएप नंबर पर आई शिकायतों पर त्वरित सैनिटाइजेशन की कार्रवाई की गई।

कंकरखेड़ा डिपो

डिपो के व्हाट्सएप नंबर पर पांच शिकायतें और फोन पर 24 शिकायतें आईं, जिसका त्वरित निस्तारण किया गया।

दिल्ली डिपो

डिपो के अंतर्गत 30 व्हाट्सएप मैसेज 24 शिकायतें फोन पर आई, जिसमें 46 का निस्तारण तुरंत कर दिया गया।

सूरजकुंड डिपो

डिपो के अंतर्गत 59 शिकायतें व्हाट्सएप व 24 शिकायतें फोन पर आईं, जिसमें से 66 का निस्तारण त्वरित किया गया।

शास्त्रीनगर में प्रचार

वहीं शुक्रवार को नगर निगम ने अपनी कूड़ा कलेक्शन गाड़ी के माध्यम से शास्त्रीनगर में कोरोना जागरुकता प्रचार कार्यक्रम चलाया। इसके तहत गाड़ी पर लगे लाउडस्पीकर के माध्मय से क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के तरीके, सेनेटाइजेशन और मास्क की उपयोगिता आदि के बारे में जानकारी दी गई। पीवीएस रोड से लेकर शास्त्रीनगर मेन मार्केट, आरटीओ रोड, सेक्टर-2 आदि में प्रचार गाड़ी से लोगों को जागरुकता संदेश दिया गया।

नगरायुक्त ने लगवाई दूसरी डोज

कोविड-19 संक्रमण से बचने में वैक्सीनेशन एक प्रभावी उपाय सिद्ध हो रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त मनीष बंसल ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। साथ ही उन्होंने समस्त नगर वासियों से अपील की कि वे भी वैक्सीन अवश्य लगवाएं और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। नगरायुक्त ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए जरुरी है कि लोग सरकार द्वारा बनाई गई गाइडलाइंस का पालन करें और बाहर निकलने पर मास्क अवश्य लगाएं। उन्होंने अपील की कि अनावश्यक रूप से लोग घरों से बाहर न निकलें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। हैंड सेनेटाइजर का प्रयोग करें तथा नियमित रूप से हाथ भी धोते रहें।

Posted By: Inextlive