छोटी बहन और जरूरी कागजात भी उठाकर अपने साथ ले गए

साथी सिपाही से प्रेम विवाह करने पर परिजनों ने तोड़ा नाता

Meerut। कोतवाली में तैनात महिला सिपाही के साथी सिपाही से प्रेम करने पर बखेड़ा हो गया। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर महिला कांस्टेबल से धक्का मुक्की की। उसके बाद महिला कांस्टेबल के साथ रह रही छोटी बहन और जरूरी कागजात भी साथ लेकर चले गए। उसके बाद पुलिस साइलेंट तरीके से परिवार के लोगों की तलाश कर रही है। बता दें कि प्रेम विवाह से पहले ही महिला कांस्टेबल को परिवार के लोग धमकी दे चुके थे।

ये है मामला

कोतवाली थाने में तैनात महिला सिपाही ने साथी सिपाही में प्रेम विवाह कर लिया। दोनों अलग अलग बिरादरी के होने की वजह से महिला सिपाही के परिवार ने उसको जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसी के चलते महिला सिपाही ने कोतवाली से बाहर जाना तक बंद कर दिया था। पूर्व थाना प्रभारी ने महिला सिपाही को थाने में ही कमरा मुहैया करा दिया था। मामला कप्तान के संज्ञान में आने पर महिला सिपाही को कंकरखेड़ा और सिपाही को किठौर थाने में तैनात कर दिया था। दोनों ही मूलरूप से मुरादाबाद रेंज के रहने वाले है। अलग-अलग तैनाती के बाद दोनों ने आपस में शादी कर ली। उसके बाद सिपाही का स्थानांतरण भी कंकरखेड़ा थाने में कर दिया था। गुरुवार को महिला कांस्टेबल कोतवाली थाने में थी। तभी उसके परिवार के सदस्य पहुंच गए। महिला कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की की गई। उसके बाद जरूरी कागजात भी उसके पास से साथ ले गए। महिला कांस्टेबल के पास उसकी छोटी बहन भी रहती थी। उसे भी परिवार के लोग अपने साथ ले गए। साथ ही महिला कांस्टेबल से नाता भी तोड़ लिया। इंस्पेक्टर इंद्रपाल का कहना है कि महिला कांस्टेबल के परिवार के लोग आए थे, जो उसकी छोटी बहन को अपने साथ ले गए है। कोतवाली में कोई मारपीट नहीं हुई है।

सिपाही पर छेड़छाड़ का आरोप

ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने सीओ को शिकायत पत्र दिया है। महिला का आरोप है कि थाने में तैनात सिपाही उनकी बेटियों के साथ छेड़छाड़ करता है। सिपाही ने महिला के देवर के साथ मुर्दा मवेशी के कारोबार में हिस्सेदारी है। महिला का फिलहाल अपने देवर के विवाद चल रहा है। इसलिए देवर की तरफ से सिपाही महिला की बेटियों को परेशान कर रहा है। सीओ अमित राय ने बताया कि विवाद परिवारिक है। महिला की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive