स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता की सूची में टॉप फाइव वार्ड में भाजपा के वार्ड चयनित

Meerut । स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता के नाम पर नगर निगम ने अपनी आधी अधूरी तैयारियों के साथ वार्डो की कमियों को छुपाते हुए स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता के लिए अपने टॉप टेन वार्डो का चयन भी कर लिया और इन वार्डो को जनपद स्तर पर स्वच्छता की मिसाल बनाकर वार्डो को सम्मानित भी कर दिया। इन वार्डो का हाल बदहाल है लेकिन बावजूद इसके शहर के 90 वार्डो की तुलना में कुछ बेहतर हैं इसलिए निगम ने इनका चयन किया। लेकिन इस चयन में केवल भाजपा पार्षदों के वार्डो का टॉप फाइव में चयन करना निगम की कार्यप्रणाली और इस प्रतियोगिता पर सवाल उठा रहा है।

टॉप फाइव में चयन-

वार्ड संख्या क्षेत्र पार्षद

वार्ड 26 तेजगढ़ी सुनीता रानी

वार्ड 32 सिविल लाइन ललित नागदेव

वार्ड 57 पल्लवपुरम फेस 2 विक्रांत ढाका

वार्ड 53 शास्त्रीनगर स्कीम 7 निधि शर्मा

वार्ड 50 नंगला बटटू संजय सिंह

कागजों तक वार्डो की स्वच्छता

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में चयनित टॉप टेन वार्डो की स्वच्छता की स्थित की जांच के लिए अभियान चलाया था। इस अभियान में वार्डो की बदहाली, गंदगी, पार्क और सड़कों से लेकर नाले नालियों की वर्तमान स्थिति को दिखाया गया था उसके बावजूद नगर निगम हकीकत से आंखे मूंदे इस प्रतियोगिता में महज खानापूर्ति करने के लिए इन वार्डो को सम्मानित कर दिया।

टॉप 1 - वार्ड 26 तेजगढ़ी

पार्क व कम्यूनिटी सेंटर जर्जर

वार्ड में सड़क किनारे गंदगी का ढेर और वार्ड के पार्को की बदहाल स्थिति के बावजूद इस वार्ड का टॉप वन में चयन किया गया है। हालत यह है कि मुख्य तेजगढ़ी चौराहे के आसपास मोहल्लों में डोर टू डोर या साफ सफाई तक की सुविधा लोगों को नही मिल रही है। वार्ड के कई पार्क व सामुदायिक केंद्र की हालत इस कदर जर्जर है कि ये खंडहर और जंगल बन चुके हैं। लेकिन केवल पार्क व कंपोस्टिंग यूनिट के आधार पर इस वार्ड को नंबर वन पर चयनित किया गया है।

टॉप 2 - वार्ड- 32, सिविल लाइन

गंदगी और कूडे़ के ढेर में गायब हो गई गलियां

स्वच्छ वार्ड की टॉप टेन सूची में शामिल वार्ड 32 सिविल लाइन में साफ सफाई का हाल इस कदर बदहाल है कि कूडे़ के ढेर के कारण कचहरी रोड और पुलिस लाइन को जोड़ने वाली गली तक गायब हो चुकी है। अहम बिंदु कंपोस्टिंग प्लांट की इस वार्ड में अभी तक जगह भी निर्धारित नही की गई है।

टॉप 3- वार्ड 57 पल्लवपुरम

देहात से बदत्तर वार्ड के हालत

शहर के बाहरी क्षेत्र पल्लवपुरम वार्ड में कई रिहायशी कालोनियों के अलावा प्राईवेट कालोनियां शामिल हैं लेकिन बावजूद इसके इस वार्ड में नालियों से लेकर सड़कों की बदत्तर हालत देखकर इसका हाल किसी देहात क्षेत्र से बेहतर नही लगता। वार्ड में स्ट्रीट लाइट से लेकर डोर टू डोर तक अभी शत प्रतिशत नही है।

टॉप 4- वार्ड 53- शास्त्रीनगर स्कीम 7

शहर के बीचों बीच रिहायशी इलाके में शामिल शास्त्रीनगर स्कीम 7 में साफ सफाई और डोर टू डोर की सुविधा अभी तक पूरी तरह लागू नही हो सकी है। इस वार्ड का हाल हालांकि अन्य वार्डो की अपेक्षा कुछ ठीक है लेकिन वार्ड में अभी तक कंपोस्टिंग यूनिट की जगह तक निर्धारित नही है।

केवल भाजपा वार्डो का चयन करना ही नगर निगम की इस प्रतियोगिता का फर्जीवाड़ा खोल रहा है। बाकि वार्डो का क्यों चयन नही हुआ जबकि उनकी स्थिति भी बेहतर है।

- अब्दुल गफ्फार, पार्षद वार्ड 73

प्रतियोगता की जानकारी तक का प्रचार तो निगम ने अन्य वार्डो तक में नही किया। टॉप टेन का चयन किया आधार पर किया गया इसका जवाब बोर्ड बैठक में लिया जाएगा।

- धर्मवीर, पार्षद वार्ड 8

हमारा वार्ड भी टॉप टेन में था और बेहतर स्थिति में है लेकिन उसको रातों रात टॉप फाइव से हटा दिया गया। जबकि सारे मानक पूरे है।

- विजय सोनकर, पार्षद वार्ड 20

Posted By: Inextlive