कूड़ा निस्तारण की स्थिति को करना था तिमाही ऑनलाइन अपडेट

नही बदल रही शहर के कूड़ा स्थलों की सूरत

Meerut । स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की कवायद में नगर निगम जुटा है। जनवरी तक निगम को कूड़ा निस्तारण समेत ओडीएफ, डोर टू डोर कलेक्शन जैसे प्रमुख बिंदुओं पर पूरी तरह काम करना है। इसके तहत दिसंबर माह तक निगम को तीन बार अपने शहर की अपडेट रिपोर्ट ऑनलाइन फीड कर मुख्यालय भेजनी थी, लेकिन शहर के मुख्य मार्गो और वार्डो में साफ सफाई की स्थिति बदत्तर है। इसके चलते निगम 15 नवंबर बीतने के बाद भी निगम ऑनलाइन फीडिंग नही कर सका है। क्योंकि शहर की स्थिति में पिछले एक माह में जरा भी बदलाव नही आया है। ना तो निगम कूडे़ के ढेर कम कर सका है और ना ही अस्थाई कूड़ा स्थल साफ हो सके हैं। एक माह में स्थिति जस की तस है। ऐसे में निगम अब अंतिम चरण की फीडिंग के लिए सुधार में जुट गया है।

नही बदल रही शहर की सूरत

स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 खत्म होने के बाद मुख्यालय ने अगले सर्वेक्षण के लिए तिमाही रिपोर्ट के आधार पर स्वच्छता सर्वेक्षण शुरु किया था। जिसमें नगर निगम को हर तीन माह में अपने शहर की रिपोर्ट ऑनलाइन फीड कर मुख्यालय भेजना था। लेकिन इसमें निगम चूक गया और सितंबर माह तक अपडेट नही दिया गया। अब आनन फानन में निगम ने अक्टूबर माह से शहर को साफ कर रिपोर्ट तैयार करने का दावा किया था लेकिन नवंबर माह में भी शहर के कूड़ा स्थलों की स्थिति जस की तस है।

तिमाही रिपोर्ट तैयार करने में कुछ कमियां थी जिनको दूर किया जा रहा है। अब दिसंबर तक के लिए रिपोर्ट तैयार हो रही है। हम प्रयास कर रहे हैं कि अधिक से अधिक साफ सफाई हो सके।

- डा गजेंद्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive