- वाहन चोर ने हिरासत में थर्ड डिग्री देने का लगाया आरोप

- उगाही और झूठा फंसाने के आरोप पर भड़के एसपी क्राइम

Meerut। अक्सर पुलिस अधिकारी प्रेसवार्ता में अपने गुड वर्क को दिखाने आते हैं। लेकिन इस बार वाहन चोरों ने प्रेस के सामने ही पुलिस के गुडवर्क पर सवाल उठा दिए। मवाना पुलिस द्वारा दो वाहन चोरों की गिरफ्तारी को लेकर की गई पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस को किरकिरी का सामना करना पड़ा। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी देहात एसके सिंह घटनाक्रम की जानकारी दे ही रहे थे कि आरोपी ने मवाना पुलिस पर आरोपों की झड़ी लगा दी।

थर्ड डिग्री का आरोप

वाहन चोरी के आरोपी ने झूठे केस में फर्जी फंसाने से लेकर हिरासत में थर्ड डिग्री देने, उगाही वसूलने का आरोप मवाना पुलिस पर लगाया।

आरोपी ने किया हंगामा

वाहन चोरी के आरोपी मनप्रीत निवासी लतीफपुर ने थाना पुलिस पर उगाही और तीन दिन से थर्ड डिग्री देकर झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए शनिवार पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान हंगामा खड़ा कर दिया।

बेबुनियाद आरोप

वहीं, एसपी देहात एसके सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने एक मोडीफाइड डिस्कवर बाइक संख्या डीएल 4 एसबी 7193 एक युवक को बेची थी। जबकि इसी नंबर की एक अन्य डिस्कवर वह खुद भी चला रहा है। उसके साथी जाकिर निवासी राजोवाला को गिरफ्तार करते हुए स्पलेंडर बाइक संख्या यूपी 15 बीएच 7864 बरामद की गई।

बदलते थे कागजात

बदमाशों ने बताया कि वह दिल्ली से बाइक चोरी कर उसके कागजात बदल कर उसे बेच देते थे। मनप्रीत पहले भी दिल्ली में वाहन चोरी के मामलों में तीन बार जेल जा चुका है।

Posted By: Inextlive