कचहरी में खुलेआम बिकते हैं तंबाकू और सिगरेट

अवैध रूप से बेचा जा रहा है तंबाकू और सिगरेट

नियम तोड़ने वालों पर नहीं हो रही है कोई भी कार्रवाई

कर्मचारी भी डयूटी पर पीते है बीड़ी सिगरेट, खाते है गुटखा

Meerut। यूं तो देशभर में कोटपा कानून लागू है, जहां सरकारी कार्यालय में तंबाकू बेचने और सेवन करने पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके मेरठ में धड़ल्ले से इसका सेवन हो रहा है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट टीम कचहरी पहुंची तो यहां खुलेआम तंबाकू और सिगरेट का का सेवन किया जा रहा है। कर्मचारी भी ड्यूटी पर स्मोकिंग करते साफ दिखाई देते है। सरकारी विभागों में तंबाकू की पीक भी इसकी गवाही दे रही है। पुलिस और विभाग दोनाें ही कानून का पालन कराने में नाकाम साबित हो रही है।

उड़ रहे थे धुएं के छल्ले

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम पहुंची तो यहां पर दुकानों में गुटखा खाते हुए लोग साफ दिखाई दिए, सिगरेट पीकर धुएं के छल्ले भी उड़ाए जा रहे थे। यहां से कई पुलिसकर्मी भी निकलते हुए गए, किसी ने भी टोंकना मुनासिब नहीं समझा। खास बात यह है कि कचहरी में कलक्ट्रेट समेत अन्य कई विभागों के कर्मचारी यहां से सिगरेट, बीड़ी और तंबाकू खरीद कर ले जा रहे थे। कलक्ट्रेट में कई जगह तंबाकू की पीक पड़ी थी। यहां कोई रोकटोक करने वाला नहीं है।

एमडीए की दीवार पर पीक

एमडीए में भी दैनिक जागरण आई नेक्स्ट टीम पहुंची और यहां पर भी कई जगह पीक पड़ी थी। इतना ही नहीं, पूरी दीवार पर पीक पड़ी थी, दीवारों को बुरी तरह से तंबाकू थूक कर खराब किया गया है। सरकारी विभाग के अधिकारी यहां पर अनजान है। जब कर्मचारी और अधिकारी नहीं सुधर रहे है तो अपने काम से एमडीए में आने वाले लोग भी बीडी-सिगरेट गुटखे का सेवन कर रहे है। यहां कोई रोकटोक नही है।

कोटपा के अनुपालन के लिए विभागों को निर्देश दिए गए है। कलक्ट्रेट और कचहरी परिसर में जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

अजय कुमार तिवारी, एडीएम सिटी

क्या है कोटपा 2003 कानून?

धारा-4 में किसी भी सार्वजनिक स्थल में बीड़ी, सिगरेट पीना प्रतिबंधित है, इसका उल्लंघन करने पर जुर्माना है। धारा 6ए के मुताबिक नाबालिग को तंबाकू उत्पाद बेचने या उससे बिकवाने पर प्रतिबंध व दुकानों पर चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा। उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा जुर्माना लगाया जा सकता है। ऐसे में कचहरी में सार्वजनिक स्थल पर खूब तंबाकू और सिगरेट की बिक्री और सेवन हो रहा है। पुलिस अधिकारी भी आंख मूंदे बैठे हुए है।

Posted By: Inextlive