पत्थर कारीगर ने सरस अस्पताल में दम तोड़ा, टावर ठेकेदार फरार

परिजनों का आरोप मजदूरी मांगने पर हुए विवाद में की वारदात

Meerut। गंगानगर के नेहरू नगर में टावर ठेकेदार ने पत्थर कारीगर की घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को सरस अस्पताल में छोड़कर आरोपी फरार हो गया। घटना से नाराज मृतक के परिजनों ने ठेकेदार के घर में तोड़-फोड़ का प्रयास किया। उसके बाद मवाना रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर पीडि़त परिवार को शांत किया।

ये है मामला

इंचौली के सैनी गांव निवासी विपिन कुमार पुत्र टिकम सिंह गंगानगर के नेहरू नगर में टावर ठेकेदार पुनीत गर्ग के घर पर दो माह से लेबर के साथ काम कर रहा था। विपिन कुमार की उम्र 38 साल हैं, जो घरों में पत्थर लगाने का काम करता है। विपिन के भाई जयवीर ने बताया कि शाम को लेबर के कर्मचारी ने विपिन की हत्या की जानकारी दी। उसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उस समय विपिन का शव पुनीत गर्ग के घर के अंदर पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विपिन की हत्या से सैनी के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुनीत गर्ग के घर में तोड़फोड़ का प्रयास किया। जिस पर पुलिस ने वहां से लोगों को खदेड़ा। उसके बाद ग्रामीणों ने मवाना रोड पर जाम लगा दिया। इंस्पेक्टर ऋषिपाल ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। जयवीर का कहना है कि विपिन पिछले कई दिनों से पुनीत गर्ग से मजदूरी मांग रहा था। मजदूरी मांगने को लेकर ही पुनीत गर्ग से विवाद हुआ है। पुनीत ने अपनी लाइसेंस पिस्टल से विपिन के सीने में गोली मार दी। विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि उसे पहले सरस अस्पताल उसके बाद मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित करने के बाद शव मर्चरी में रखवा दिया।

पुलिस की कहानी

इंस्पेक्टर ऋषिपाल का कहना है कि टावर ठेकेदार पुनीत गर्ग पर लाइसेंसी पिस्टल हैं। घर के अंदर टेबल पर पुनीत का लाइसेंसी पिस्टल पड़ा हुआ था। इसी बीच पुनीत अपनी लाइसेंसी पिस्टल घर के अंदर से निकाल कर ले आए। पिस्टल पहले से लोड थी। पुनीत अपनी पिस्टल विपिन और अन्य मजदूरों को दिखा रहे थे। तभी अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो विपिन के सीने में लग गई। तभी विपिन को अपनी कार में डालकर पुनीत गर्ग सरस अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और परिवार से घटना को छिपाए रखा

विपिन कुमार की हत्या को एक घंटे तक पुलिस और परिवार से छिपाकर रखा गया। अस्पताल से शव घर लाने के बाद पुलिस और परिवार को हत्या की जानकारी दी गई। पुलिस जांच कर रही है कि अपने बचाव के लिए तो पुनीत कार से विपिन को अस्पताल नहीं ले गया था। या वास्तव में ही अचानक चली गोली विपिन के सीने में लग गई। पुनीत ठेकेदार और कारीगर विपिन का आपसी लेन-देन भी पुलिस देख रही है। दरअसल, पिछले दो माह से पुनीत के घर पर विपिन लेबर के साथ काम कर रहा था। घटना के समय भी लेबर घर के अंदर ही मौजूद थी।

हो जाती आगजनी

विपिन की मौत के बाद सैनी गांव के लोग आक्रोशित थे। समय रहते गंगानगर पुलिस भीड़ को काबू नहीं करती तो पुनीत के घर को आग लगा दी जाती। पुलिस ने भीड़ के इरादे भांपकर पहले ही पुनीत के घर पर ताला लगा दिया था। दरअसल, विपिन के दम तोड़ने के बाद पुनीत और उसका परिवार घर से फरार हो गया था। पुलिस की टीम पुनीत की तलाश में उसके रिश्तेदारों से संपर्क कर रही है। साथ ही लाइसेंसी पिस्टल बरामद करने की कवायद में जुटी है।

कालोनी वाले भी नाराज

नेहरूनगर निवासी टावर ठेकेदार पुनीत गर्ग के विरुद्ध पहले भी आसपास कालोनी के लोगों का गुस्सा फूट चुका है। पुनीत ने अपने घर के ऊपर ही मोबाइल टावर लगा रखा है, जिसका कालोनी के लोगों ने विरोध किया था। उस समय पुनीत गर्ग ने पुलिस का सहारा लेकर विरोध के बावजूद टावर घर के ऊपर लगवा दिया था।

आधे घर का निर्माण

पुनीत गर्ग के आधे घर में पूरा परिवार रहता है, जबकि आधे घर में निर्माण कार्य चल रहा है। घर में पिछले दो माह से पत्थर लगने का काम चल रहा था, जिसका ठेका सैनी गांव के विपिन को दिया था। विपिन अपनी लेबर लगाकर घर में पत्थर लगाने का काम कर रहा था। विपिन ने दावा किया था कि लॉकडाउन के समय में काम अधिक तेजी से खींच कर पूरा कर देंगे।

कोरोना पाजिटिव मां

पुनीत गर्ग के परिवार में पत्नी अंजलि गर्ग और मां सरोज गर्ग कोरोना पॉजिटिव हैं। घटना के बाद पुनीत मां और पत्नी को भी घर से कार में साथ ले गया।

घर में मचा कोहराम

विपिन की पत्नी नीलम और उसके दो बेटी और एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। विपिन की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी नीलम का कहना है कि पुनीत को मजदूरी के पैसे नहीं देने थे तो न देता, मगर पति की जान तो न लेता। उसने मजदूरी के रुपये मांगने पर ही विपिन की हत्या कर दी। नीलम ने कहा कि अब पुनीत को सजा दिलाकर ही दम लेगी।

पीडि़त परिवार की तहरीर पर पुनीत गर्ग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की टीम लगा दी गई। लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी गंगानगर पुलिस को भेजने के आदेश दिए हैं।

केशव कुमार, एसपी देहात

Posted By: Inextlive