मेरठ के अहमदनगर में जुमे की नमाज के दौरान दीवार गिरी, दो की मौत, कई घायल

सात घायलों को उपचार के लिए कराया गया निजी अस्पताल में भर्ती

एक की मौके पर हो गई मौत, एक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

एसपी सिटी और शहर विधायक ने मौके पर पहुंच कर की जानकारी

Meerut। लिसाड़ी गेट थाना एरिया के अहमद नगर गली नंबर नौ में शुक्रवार दोपहर मोहम्मदी मस्जिद की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जुमे की नमाज पढ़ रहे दो नमाजियों की मौत हो गई। हादसे में कुल 15 घायल हो गए, जिनमें से गंभीर रूप से घायल सात लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तिरपाल हो गया भारी

घटना शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर स्थित मोहम्मदी मस्जिद की है। मस्जिद की दूसरी मंजिल की एक दीवार अचानक गिर गई। नहीं झेल सकी वजन इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट राम संजीवन यादव ने बताया कि यह चार इंच की दीवार थी, जिस पर बारिश से बचने के लिए तिरपाल बांधा गया था। तिरपाल के बीच में पानी इकट्ठा हो गया, जिससे तिरपाल का बीच का हिस्सा भारी हो गया और चार इंच की दीवार इसका वजन नहीं झेल सकी। काफी पुरानी इस मस्जिद में यह दीवार हाल ही में बनाई गई थी।

आ गए चपेट में

दीवार नमाज के समय गिरी। मस्जिद में 45 से अधिक लोग नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे थे। इसके अलावा, आसपास भी सैकड़ों जमा थे। मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले लोग दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। सूचना पर लिसाड़ी गेट और अन्य कई थानों की पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को आसपास के लोगों की मदद से बाहर निकाला।

दो की हुई मौत

इस दौरान कारी, कारी अफ्फान (32) पुत्र कारी शमशाद निवासी अहमदनगर नगर गली नंबर ग्यारह थाना लिसाड़ी गेट और इमरान (30) पुत्र जब्बार अहमद निवासी अहमदनगर गली नंबर 12 की मौत हो गई। सात घायलों को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बाकी चोटिलों का उपचार कराकर घर भेज दिया गया।

मौके पर संभाला मोर्चा

मस्जिद की दीवार गिरने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया भी मौके पर पहुंचे। शहर विधायक रफीक अंसारी भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने सिटी मजिस्ट्रेट से घटना की जानकारी ली। एसपी सिटी विनीत भटनागर भी घटनास्थल पर पहुच गए और मामले की जानकारी की।

मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। घायलों का प्राइवेट हॉस्पिटल में उपचार कराया जा रहा है। आसपास के लोगों ने इस हादसे के बाद राहत कार्य करने में बहुत मदद की।

विनीत भटनागर, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive