- सुबह कर्मचारी के साथ सामान लेने के लिए बाहर आए दो बंदी

- कर्मचारी को धक्का देकर हुए फरार, पुलिस ने एक को दबोचा

- कर्मचारियों की लापरवाही से लगातार भाग रहे हैं बाल बंदी

Meerut: बंदियों और कैदियों के बवाल से चर्चाओं में रहने वाला बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार को दो बाल बंदी भाग गए। नौचंदी पुलिस की सहायता से स्टाफ ने एक बंदी को सूरजकुंड स्थित शमशान घाट से पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी पकड़ से बाहर है।

क्या है मामला

बुलंदशहर के खानपुर गांव निवासी नीशू शर्मा हत्या व सलमान निवासी करनावल चोरी के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में बंद हैं। मंगलवार सुबह बच्चा जेल में खाने-पीने सामान आया था। गाड़ी से सामान गेट पर उतार दिया गया। इस बीच कर्मचारी योगेश समान अंदर ले जाने के लिए नीशू व सलमान को बुला लाया। बाहर आते ही दोनों ने योगेश को धक्का दे दिया और भाग निकले। योगेश ने पकड़ने की कोशिश की तो हाथापाई की। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह में अफरातफरी मच गई। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। काफी देर बाद नीशू को सिविल लाइन थाने की फैंटम ने सूरजकुंड पर शमशान घाट के पास से पकड़ लिया। काफी खोजबीन के बाद सलमान का कोई पता नहीं चल सका। पकड़े गए किशोर को बच्चा जेल में दाखिल कर दिया गया है।

इन्होंने कहा

सामान अंदर रखते समय कर्मचारी को धक्का देते हुए दो किशोर गेट से फरार हो गए। एक को पकड़ लिया गया है। दूसरे को पकड़ने के लिए पुलिस दबिशें दे रही है।

विकास कुमार

डीपीआरओ

Posted By: Inextlive