घर के बाहर बहनों के साथ खेल रहा था प्रिंस, टीबी-खांसी सर्वे टीम का सदस्य बता बच्चो को साथ ले गई दो महिलाएं

सीसीटीवी में कैद हुई महिलाएं, टीपी नगर पुलिस समेत सर्विलांस टीम भी जुटी

Meerut। टीपी नगर के देवलोक कालोनी में शुक्रवार को दो महिलाओं ने दस साल के बच्चे प्रिंस का अपहरण कर लिया। पहले तो परिजनों ने आसपास तलाश की लेकिन बच्चे का कोई सुराग न लगने पर टीपी नगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी भी चेक किए तो मेवला फ्लाईओवर पर लगे कैमरों में महिलाएं बच्चे को एक युवक के साथ बाइक पर ले जाती हुई दिखी।

ये है मामला

देवलोक कालोनी में रहने वाला दस वर्षीय प्रिंस अपनी दो बहनों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दो महिलाओं ने बच्चे का अपहरण कर लिया। बच्चे के पिता ई-रिक्शा चलाने का काम करते हैं। इनकी दो बेटी जिनमें एक आठ और दूसरी पांच साल की है। दोनों बहनों से परिजनों ने पूछा तो उन्होंने बताया कि खुद को टीबी-खांसी सर्वे टीम का सदस्य बताते हुए दो महिलाएं ने उनके भाई का अपहरण किया है। जिसके बाद टीपी नगर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। टीपी नगर पुलिस ने इस एरिया में सर्वे करने वाली टीम को मौके पर बुला लिया। दोनो बहनों से पहचान कराई तो बहनों ने कहा कि यह महिला नहीं ले गई है। जिसके बाद पुलिस ने मेवला फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी में दोनो महिलाएं बच्चे को लेकर खड़ी हुई दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद एक युवक बाइक पर आया और दोनों महिला और बच्चों को लेकर दिल्ली रोड की तरफ लेकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस की नींद उड़ गई। सर्विलांस टीम को भी इसमें लगाया गया है। एसओ टीपी नगर दिनेश बघेल का कहना है कि पूरे मामले की तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है।

सर्विलांस का सहारा

टीपी नगर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस टीम का भी सहयोग लिया है। संबंधित एरिया का बीटीएस भी उठाया गया है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। वहीं पुलिस की टीम कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच में जुटी है।

टीपी नगर और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा। सभी बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है।

डॉ। अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी, मेरठ

Posted By: Inextlive