-ग्रीन यूपी मिशन के तहत वृहद पौधरोपण अभियान जुलाई में

-वन विभाग ने जगह चिह्नित कर खोदे गड्ढे़, नर्सरी और पौधे भी तय

आई स्पेशल

Meerut: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ग्रीन यूपी मिशन में मेरठ अहम भागेदारी निभा रहा है। जनपद में जुलाई माह में 2.85 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। डीएम पंकज कुमार के निर्देश पर वन विभाग ने योजना का अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। मंडल में करीब 26 लाख पौधों का रोपण इस दौरान किया जाएगा। खास बात यह है कि इन पौधों की जीपीएस से निगरानी होगी। विभाग को न सिर्फ पौधरोपण बल्कि पौधों के रखरखाव का जिम्मा भी लेना होगा।

जुलाई में होगा पौधरोपण

-प्रदेश में जुलाई में एक साथ वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।

-संभावित 1 जुलाई को मेरठ जनपद समेत मंडल में 26 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।

-कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंडल और जिला प्रशासन की ओर से कार्ययोजना तक कर विभिन्न विभागों को लक्ष्य सौंप दिए गए, वन विभाग पौधे उपलब्ध कराएगा।

-मेरठ मंडल में कमिश्नर आलोक सिन्हा ने बैठक कर जिलाधिकारियों और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं तो वहीं जिलास्तर पर डीएम ने वन विभाग को लक्ष्य सौंपा है।

जीपीएस से होगी निगरानी

-मिशन के तहत जो पौधे लगाए जाएंगे उनकी पूरी जीपीएस लोकेशन तैयार की जाएगी।

-पौधों की लोकेशन को वन विभाग जीपीएस के जरिए अपलोड करेगा।

-सेंट्रल ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम (जीपीएस) के माध्यम से शासन स्तर पर मिशन की मॉनीटरिंग होगी। किस जनपद में कितने पौधे लगाए गए यह तय होगा?

-जीपीएस से मॉनीटरिंग होने से पौधरोपण में फर्जीवाड़ा नहीं कर पाएंगे।

करनी होगी देखभाल

जिलाधिकारी पंकज यादव ने बताया कि पौधरोपण के बाद पौधों की देखभाल की आवश्यक होगी। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं के अलावा स्कूल, कॉलेजों के स्टूडेंट्स को एडॉप्ट कर उनके संरक्षण का दायित्व सौंपा जाएगा। एक दिन में एक साथ इतने बड़े पौधरोपण कार्यक्रम के संचालन का एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया। समय और मैन पॉवर भी सुनिश्चित कर ली गई है।

यहां तैयार हो रही पौध

शोभादार, छायादार, फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। मेरठ में संजय वन, ढिकौली, सलावा, मंडी समिति सरधना, किठौर गंग नहर के किनारे, तरबीयतपुर जुनकी में पौध तैयार की जा रही है।

इन विभागों का होगा सहयोग

सीएम के वृहद अभियान में वन विभाग के अलावा ग्राम्य विकास विभाग, रेशम विभाग, उद्यान विभाग, आवास विभाग, नगर विकास विभाग, लोकनिर्माण विभाग, माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, सिंचाई विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं, स्कूल कॉलेजों को लक्ष्य दिए गए हैं।

जनपद स्तर पर ग्रीन यूपी मिशन की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। गड्ढ़ों को खोद दिया गया है, पौधे चिह्नित हो गए हैं। नर्सरी में पौधों को तैयार किया जा रहा है। मेरठ में 2.85 लाख जबकि मंडल में 26 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।

मुकेश कुमार

मुख्य वन संरक्षक, वेस्ट जोन, मेरठ

Posted By: Inextlive