पेट्रोल पंप के सामने सर्विस रोड के लिए गिट्टी डालने का कार्य शुरू

Meerut। परतापुर तिराहे पर अब एक और सर्विस रोड बनाई जाएगी। इससे दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को सहूलियत होगी। साथ ही तिराहे पर जाम की स्थिति भी नहीं रहेगी। पांच दिन में सर्विस रोड से वाहन निकालने की योजना है। पेट्रोल पंप और सद्गुरू ढाबे के सामने शनिवार को गिट्टी डालने का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद डामर का कार्य शुरू होगा। यह सर्विस रोड स्थाई रहेगी। मेरठ व गगोल रोड की ओर से आने वाले वाहन सीधे इसी से होकर निकल जाएंगे। इस सर्विस रोड को तीसरे अंडरपास से जोड़ा गया है। तीसरे अंडर के नीचे से यह सर्विस रोड आगे जाकर पुरानी दिल्ली रोड पर मिल जाएगी। कार्यदायी कंपनी के अधिकारियों के अनुसार पांच दिन में रोड को तैयार कर कर वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

अंडरपास की तैयार होगी छत

दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे के लिए कुशलिया गांव में अंडरपास तैयार हो रहा है। अंडरपास के नीचे से डासना और मुरादनगर के बीच पुराना रास्ता गुजर रहा है। अंडरपास पर छत डालने का कार्य शुरू हो गया है। छत का कार्य 15 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। छत के साथ ही दोनों तरफ आरई वाल तैयार करने का कार्य भी चल रहा है।

Posted By: Inextlive