- आई नेक्स्ट चलाई थी विभूति को बचाने की मुहिम

- विभूति के इलाज को मिली शासन की ओर से 5 लाख की राशि

Meerut : कहीं आप विभूति को भूले तो नहीं। जी हां, हम उसी तीन साल की बच्ची विभूति की बात कर रहे हैं, जिसकी दोनों किडनी खराब थी। अब उसकी मुस्कुराहट लंबी होती दिखाई दे रही है। शासन की ओर से किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पांच लाख रुपए की राशि दे दी है। अब विभूति का इलाज आराम से हो सकेगा। उसकी मुस्कुराहट लोगों के दिलों में नई तरंग जगाती रहेगी।

सीएम राहतकोष से मिली राहत

आई नेक्स्ट द्वारा आवाज उठाने के बाद कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने सीएम राहतकोष से विभूति को मदद करने की मांग करते हुए लेटर लिखा था। इसके बाद डीएम की ओर से भी इस पर प्रयास किया गया था। फरवरी में गए लेटर के बाद अब जाकर स्वीकृति प्रदान हुई है।

दोनों किडनी हैं खराब

रजबन बड़ा बाजार निवासी रोहित वर्मा और रितु वर्मा की तीन साल की बेटी विभूति की दोनों ही किडनी खराब है। डॉक्टर्स साफ कह चुके हैं कि किडनी ट्रांसप्लांट के अलावा कोई दूसरा ऑप्शन नहीं है। इसमें लाखों रुपए खर्च होंगे।

जन्म के डेढ़ साल बाद पता चला

विभूति की जिंदगी उन तमाम बच्चों की तरह नॉर्मल ही चल रही थी। 18 मई 2013 का दिन विभूति के परिवार के लिए सदमे से कम नहीं था। इस दिन ही विभूति की बीमारी के बारे में सभी को जानकारी मिली। मां रितु वर्मा ने बताया कि विभूति को उल्टी हुई थी। हमने डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने फूड प्वाइजन की शिकायत बताई। फिर भी उन्होंने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। हमने अल्ट्रासाउंड कराया तो सभी सन्न रह गए। डॉक्टर ने दोबारा टेस्ट किया। फिर भी वही रिपोर्ट। डॉक्टर ने अपनी कंफर्मेशन के लिए पांच अलग-अलग जगहों से अल्ट्रासाउंड टेस्ट कराए। रिपोर्ट में कोई तब्दीली नहीं हुई।

विभूति की जिंदगी को बचाने के लिए जहां तक भी प्रयास होते किए जाते। हमें इस बात की खुशी है कि सरकार की ओर से इस ध्यान दिया गया और बच्ची के ऑपरेशन के लिए धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई।

- सत्यप्रकाश अग्रवाल, विधायक, कैंट विधानसभा

शासन की ओर से स्वीकृति मिल गई है। बच्ची के इलाज के लिए जो रुपया आएगा वो तुरंत दे दिया जाएगा। इस मामले में किसी तरह का कोई विलंब नहीं किया जाएगा।

- पंकज यादव, डीएम

आई नेक्स्ट ने उठाई थी आवाज

विभूति की मदर रितु वर्मा 29 जनवरी को डीएम और एडीएम सिटी से मिली थी। जिसके बाद से विभूति के इलाज के लिए आई नेक्स्ट लगातार आवाज उठाई थी। जिसके बाद कई लोग विभूति की मदद को लेकर सामने आए थे। उसी का नतीजा है कि शासन की ओर से विभूति के इलाज के लिए पांच लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत हो गई।

Posted By: Inextlive