- मेरठ जोन के जिलों में भाकियू और जाटों ने लगाया जाम, विरोध प्रदर्शन, आत्मदाह का प्रयास

- मेरठ में सांसद राजेंद्र अग्रवाल, मुजफ्फरनगर में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को घेरा

- रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेन रद, कई लेट, सड़क जाम करने से वाहनों में फंसे रहे राहगीर

Meerut : हरियाणा में जाट आरक्षण को लेकर जारी हिंसा की लपटों से वेस्ट यूपी झुलसने लगा है। रविवार को मेरठ जोन के जनपदों में हरियाणा के जाट आंदोलन के समर्थन में जाट समुदाय और भारतीय किसान यूनियन ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। मेरठ में भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल और मुजफ्फरनगर में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान का राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। मुख्य मार्गो में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं तो लोगों को दिनभर जाम से जूझना पड़ा।

भाजपा सांसद का किया घेराव

अखिल भारतीय जाट महासभा व रालोद ने सांसद राजेंद्र अग्रवाल का घेराव कर ज्ञापन दिया। मेरठ बार एसोसिएशन ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। इसके अलावा जनपद के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम कर दिया। चाणक्यपुरी, खानपुर में जाट आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। देहात क्षेत्र में रार्धना, कलीना, मवाना खुर्द, करनावल, नानू नहर, जटौली, कंकरखेड़ा, रोहटा पुल, सिवाया झाल, दबथुवा आदि क्षेत्रों में जाम लगाकर जाट आरक्षण के समर्थन में धरना दिया गया। जाम के चलते लोगों को खासी किल्लत का सामना करना पड़ा तो वहीं छिटपुट हिंसा की घटनाएं भी प्रकाश में आई हैं।

पड़ोसी जनपदों में भी उबाल

बागपत में जाट समाज ने प्रमुख मार्गों व रेलवे ट्रैक पर जाम लगाया। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर खेकड़ा पाठशाला, मवीकलां, काठा, राष्ट्रवंदना चौक, बड़ौत-सराय मार्ग आदि स्थानों पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बावली हाल्ट व सूजरा हाल्ट ट्रेन रोकी। दिल्ली से आ रही एक पैसेंजर ट्रेन खेकड़ा में ही रद कर दी गई। दो ट्रेनें रात में ही रद कर दी गई थी। वहीं मुजफ्फरनगर के खतौली में नेशनल हाईवे पर पहुंचे राकेश टिकैत ने आरक्षण की मांग का समर्थन किया। रालोद कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ। संजीव बालियान के आवास का घेराव कर धरना दिया। तितावी के गांव लालूखेड़ी में बुजुर्ग ने आत्मदाह की कोशिश की। सहारनपुर में रविवार को हरियाणा की ओर से आने वाली एक दर्जन ट्रेनें बाधित रहीं। हरियाणा जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित है। हथनीकुंड बैराज को पुलिस छावनी में तब्दील किया गया है। अखिल भारतीय जाट महासंघ ने प्रेसवार्ता कर 24 को आंदोलन की चेतावनी दी है। हापुड़ में जाट समाज के लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाया। बिजनौर में जाट समाज के लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम किया। राष्ट्रीय जाट महासंघ एवं जिला प्रगतिशील युवा बार के पदाधिकारियों ने जजी चौराहे पर हरियाणा सरकार का पुतला फूंका। बुलंदशहर में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने चोला-सिकंदरपुर रेलवे स्टेशन के बीच हावड़ा ट्रैक पर दो ट्रेन रोककर विरोध-प्रदर्शन किया। शामली में भी जाट बिरादरी नेचक्का जाम किया।

Posted By: Inextlive