- दिव्यांग मतदाताओं के लिए बनाई जिला प्रशासन ने योजना

-व्हील चेयर के साथ एनसीसी कैडेट होंगे मतदान केंद्र पर तैनात

Meerut। इस बार दिव्यांगों के एक-एक वोट पर चुनाव आयोग की नजर है। आमतौर पर देखा गया कि शारीरिक परेशानियों के चलते दिव्यांग मतदान केंद्रों से दूर ही रहते थे। इस बार ऐसे मतदाता जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उन्हें मतदान केंद्र तक लाने के लिए खास बंदोबस्त किए गए हैं। दिव्यांगों के लिए जिला प्रशासन व्हील चेयर की व्यवस्था मतदान केंद्रों पर करा रहा है।

चिह्नित हो रहे मतदाता

एडीएम सिटी मुकेश चंद्र ने बताया कि हर पोलिंग बूथ पर दिव्यांग मतदाताओं को चिह्नित किया जा रहा है। ऐसे पोलिंग स्टेशन पर व्हील चेयर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पोलिंग स्टेशन तक लाने-ले जाने के वाहन का बंदोबस्त भी किया जाएगा। एनसीसी कैडेट्स हर केंद्र पर दिव्यांगों को बूथ तक लाने और वोट कराने में मदद करेंगे। बता दें कि मेरठ की सातों विधानसभाओं में 7,119 दिव्यांग मतदाता हैं।

घर-घर दे रहे स्लिप

मेरठ के सभी विधानसभा में आगामी 11 फरवरी को होने वाले मतदान के मद्देनजर बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) घर-घर जाकर स्लिप देने का काम कर रहे हैं। एडीएम सिटी ने बताया कि सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द मतदान स्लिप देने का काम पूर्ण कर लें। स्लिप न पहुंचने की स्थिति में मतदाता अपने मतदान केंद्र अथवा तहसील मुख्यालय पर जाकर स्लिप हासिल कर सकते हैं।

अंतिम चरण में तैयारियां

रविवार को जिला प्रशासन पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की तैयारी में जुटा रहा। विक्टोरिया पार्क से विधानसभावार पोलिंग पार्टियों को 10 फरवरी को दोपहर तक रवाना किया जाएगा। डीएम के निर्देशन में मतगणना स्थल परतापुर स्थित कताई मिल में व्यवस्थाओं को पूर्ण किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive