प्लाट में कूड़ा डालने पर दो पक्षों में हुआ विवाद, लिसाड़ीगेट के न्यू इस्लाम नगर का मामला

महिला अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच-पड़ताल

Meerut। लिसाड़ी गेट के न्यू इस्लाम नगर में प्लाट में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद पथराव और फायरिंग हो गई। जिसमें एक महिला के गोली लग गई। जिसके बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लिसाड़ी गेट पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

क्या है मामला

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की न्यू इस्लाम नगर समर गार्डन कालोनी निवासी कारी आसिफ बच्चों को पढ़ाते हैं। पड़ोस में ही रईस रहता है। गली में कई प्लाट हैं, जिसमें लोग कूड़ा डाल देते हैं। गुरुवार को कारी आसिफ के यहां पढ़ने आने वाले बच्चों ने भी कूड़ा प्लाट में डाल दिया था। आरोप है कि इस पर रईस ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका गली निवासी इकराम ने विरोध किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे मामला शांत करा दिया। आरोप है कि रईस के बेटे आमिर, शादाब और परवेज ने 10-12 अज्ञात युवकों के साथ मिलकर इकराम के घर पर हमला कर दिया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। पथराव से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। इस दौरान किसी ने गोली चला दी, जो मुसर्रत पत्नी आबाद को लग गई। साथ ही नसीम पत्नी मुस्ताक और कारी आसिफ बाल-बाल बच गए। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट प्रशांत कपिल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Posted By: Inextlive