तीन दिन पहले घर से लापता हुई थी महिला, खेत में मिला शव

पुलिस ने कहा, दुष्कर्म की आशंका

Bhawanpur , : भावनपुर के मेदपुर स्थित लड़पुरा मार्ग पर मंदबुद्धि महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए तेजाब से चेहरा जला दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन दिन पहले महिला घर से लापता हो गई थी।

नाली में मिला शव

जानी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला की शादी भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 साल पहले हुई थी। महिला के दो बच्चे भी हैं। गुरुवार की शाम मेदपुर-लड़पुरा मार्ग के पास गन्ने के खेत के पास नाली में महिला का शव पड़ा मिला। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाला हुआ था। गेहूं की कटाई कर रही महिलाओं ने शव को देखकर ग्रामीणों को जानकारी दी। यूपी-112 पर कॉल कर महिला की हत्या के बारे में बताया गया। तभी भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची।

पैरों से हुई पहचान

इंस्पेक्टर नीरज मलिक का कहना है कि महिला का शव कब्जे में ले लिया है। चेहरा जला होने के कारण पति ने महिला की पैरों से पहचान की है। उसके बाद महिला के पति की तरफ से शव मिलने की तहरीर दी गई। महिला के पति ने बताया कि अक्सर महिला एक या दो दिन को घर से चली जाती थी। उसके बाद वापस लौट आती थी। दो दिनों से महिला के लापता होने पर उसकी तलाश की जा रही थी। महिला के शव को देखकर लग रहा है कि उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या की गई है।

अभी तक दुष्कर्म का कोई मामला सामने नहीं आया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस की टीम बनाकर महिला की हत्या करने वालों की पड़ताल शुरू कर दी गई।

केशव कुमार, एसपी देहात

Posted By: Inextlive