Meerut। लापरवाही के चलते बुधवार को एक महिला की जान पर बन गई। जर्जर मकान की छत तोड़ते समय मलबा सड़क पर गिर गया, जिसमें एक महिला दब गई। पूरी घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई। दो मजदूर भी घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़े और घायलों को मलबे से निकाला। पुलिस ने उनको अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि मकान मालिक बिना रास्ते रोके ही मकान पर हथौड़े चलवा रहा था। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

क्या है मामला

कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी गुलजार का मकान काफी जर्जर स्थिति में है। वह पहली मंजिल पर बने कमरों को तुड़वा रहे हैं। बुधवार को किठौर निवासी मजदूर गौरव और संजय छत तोड़ रहे थे। इस दौरान रास्ते पर लोग आ-जा रहे थे। दोपहर के समय गली से आयशा पत्नी आरिफ जा रही थी। तभी छत और दीवार उस पर गिर गई। छत तोड़ रहे दोनों मजदूर भी नीचे गिर गए। धमाके की आवाज सुनकर लोग दौड़े और महिला और मजदूरों को मलबे से निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां आयशा और गौरव की हालत गंभीर है। वहीं, पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। महिला पर मलबा गिरता हुआ साफ दिखाई दे रहा था। इंस्पेक्टर कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive