मिशन शक्ति के तीसरे चरण में विभिन्न विभागों की 75 महिलाओं को किया सम्मानित

चौ। चरण सिंह विवि के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में हुआ कार्यक्रम

Meerut। मिशन शक्ति अभियान के तृतीय चरण के अवसर पर अपनी प्रतिभा के बल पर पहचान बनाने वाली विभिन्न विभागों से जुड़ी 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। जनपद में मुख्य कार्यक्रम चौ। चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।

रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए

नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राजेंद्र अग्रवाल व राज्य महिला आयोग की सदस्य रेखा त्यागी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान मल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज, मटौर दौराला की लक्ष्मीबाई दल की छात्राओें ने स्वागत गीत व रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रा चैतन्या ने कविता पाठ किया। उधर, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन सांसद के अलावा कोई कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। कार्यक्रम में एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार, कमिश्नर सुरेंद्र सिंह, डीएम के। बालाजी, सीडीओ शशांक चौधरी आदि मौजूद रहे।

यहां भी हैं तालिबानी सोच के समर्थक: सांसद

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन से पहले कार्यक्रम का आयोजन कर बहनों को सशक्त बनाने का प्रयास किया है। कहा कि भारत में भी कुछ लोग तालिबानी मानसिकता का समर्थन करते हैं। ये वही लोग हैं जो तीन तलाक का समर्थन करते थे।

उर्मिला व शर्ली को लखनऊ में सम्मान

मिशन शक्ति के तहत लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में लाला लाजपतराय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत दो महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसमें प्रसूति व स्त्री रोग विभागाध्यक्ष व आचार्य डॉ। उर्मिला कार्या व स्टाफ नर्स शर्ली भंडारी शामिल है। दोनों को दो दिन पहले ही सम्मान प्राप्त करने के संबंध में सूचना मिली और दोनों लखनऊ रवाना हो गई। जहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त मंत्री सीता निर्मला रमण व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया।

मनु तोमर ने बताए कामयाबी के मंत्र

नारी सशक्तिकरण को लेकर राजकीय आईटीआई साकेत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नेशनल अवार्ड से सम्मानित पहलवान मनु तोमर ने छात्राओं के समक्ष अपने अनुभव सांझा कर प्रेरित किया। इससे पहले प्रधानाचार्य पीपी अत्री ने मनु का स्वागत व सम्मानित किया। इस दौरान को-आर्डिनेटर बनी सिंह चौहान, रोशन कुमार, उदयवीर सिंह, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive