वर्ष 2022 में होने वाले विस चुनावों के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मतदाताओं को उनके मत का अधिकार दिलाने के लिए जिले के 2947 बूथों पर विशेष अभियान दिवस मनाया गया। जिसमें युवाओं ने मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए बढ़चढ़कर फॉर्म भरे।


मेरठ, (ब्यूरो)। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह ने रविवार को बूथों पर मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए फॉर्म भरे जाने के लिए सूचित किया था। एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं ने मतदाता बूथों पर पहुंचकर फार्म भरे। एक नवंबर से 30 नवंबर के मध्य चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाने हैैं। जिसमें 7 नवंबर, 13 नवंबर, 21 नवंबर व 27 नवंबर को विशेष अभियान दिवस सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान एडीएम प्रशासन ने हिदायत दी कि जिन अधिकारियों व कार्मिकों की ड्यूटी मतदान केंद्रों पर लगाई गई है। वह वहां समय पर पहुंचें। मतदान केंद्रों पर जो भी अधिकारी-कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नदारद रहे स्कूल संचालक
शहर के कई केंद्रों पर बीएलओ तो टाइम से आ गए, लेकिन स्कूल संचालक 10 की जगह 11 बजे के बाद आए। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आम लोग सुबह 10 बजे मतदान केंद्रों पर पहचान पत्र बनवाने के लिए पहुंच गए थे। छात्र नेता विनीत चपराणा ने बताया कि कई मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने बाहर बैठकर ही वोटर कार्ड बनवाए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायत कर पूरे मामले से अवगत कराया।

Posted By: Inextlive