- वाराणसी में रिकवरी ग्रोथ 70 प्रतिशत पहुंचा, छह मरीजों का सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आने पर किया गया डिस्चाज, बनेंगे छह नये हॉटस्पॉट

-

वाराणसी में अनलॉक होते ही कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगी है। शनिवार को 11 नये पॉजिटिव सामने आए। इस प्रकार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 423 पहुंच गई है। छह मरीजों का सैम्पल निगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 274 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 133 है। जिला प्रशासन ने छह नए हॉटस्पॉट घोषित किये। वहीं बनारस के लिए अच्छी खबर ये है कि यहां रिकवरी ग्रोथ 70 प्रतिशत पहुंच गया है।

186 सैंपल की मिली रिपोर्ट

सीएमओ डॉ। वीबी सिंह के अनुसार शनिवार को बीएचयू से 186 सैंपल के रिजल्ट प्राप्त हुए, जिसमें 11 नए कोरोना पॉजिटिव केस की पहचान हुई। पहला मरीज 60 वर्षीय बुजुर्ग न्यू कॉलोनी ककरमत्ता थाना भेलूपुर का रहने वाला है, जो पेशे से एकाउंटेंट है। 62 वर्षीय दूसरे और 68 वर्षीय तीसरे मरीज बुजुर्ग दंपति हैं, जो दूध विनायक पंचगंगाघाट थाना कोतवाली के रहने वाले हैं। महिला मरीज 14 जून को फ्लाइट से बैंगलोर से वाराणसी आयी थी। फीवर होने पर जांच करायी गई थी। 49 वर्षीय चौथा मरीज स्वास्तिक गार्डेनिया थाना शिवपुर का रहने वाला है। यह मरीज एचडीएफसी बैंक में कार्यरत है। 52 वर्षीय 5वें मरीज का संबंध जैन मंदिर नरिया थाना लंका से है। जो जनरल स्टोर की दुकान चलाता है। 43 वर्षीय छठें मरीज का सम्बन्ध सरायनन्दन सुन्दरपुर थाना लंका से है। यह लकड़ी बीट का सप्लायर है। 30 वर्षीय सातवें महिला मरीज का संबंध लोदीपुर कॉलोनी नदेसर थाना कैण्ट से है। बुखार होने की शिकायत होने पर सैंपल लिया गया था। 33 वर्षीय आठवें मरीज रामापुरा थाना लक्सा का रहने वाला है। यह मरीज पेशे से सेल्समैन है। 52 वर्षीय नौवें महिला मरीज का सम्बन्ध दानगंज बाजार थाना चोलापुर से है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आये मरीज की पारिवारिक सदस्य है। 20 वर्षीय दसवें महिला मरीज और 42 वर्षीय 11वें महिला मरीज का सम्बन्ध सोनिया पोखरा थाना सिगरा से है। ये मरीज पूर्व में पॉजिटिव आये मरीज के पारिवारिक सदस्य हैं।

छह मरीज डिस्चार्ज

सीएमओ के अनुसार ईएसआईसी हॉस्पिटल में भर्ती पांच और बीएचयू में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के फॉलोअप सैंपल का परिणाम शनिवार को निगेटिव आया। अस्पताल प्रशासन ने इन छह मरीजों को स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज कर दिया। अब तक 274 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 133 है। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 423 है। सीएमओ ने बताया कि अब तक वाराणसी में 10562 सैंपल लिये जा चुके हैं, जिसमें 9881 सैंपल का रिजल्ट आ चुके हैं। अभी 681 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। प्राप्त रिजल्ट में 9459 परिणाम निगेटिव और 423 पॉजिटिव है। वाराणसी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 296 सैंपल कलेक्ट किए।

छह नए हाटस्पाट घोषित

जनपद में शनिवार को 11 नये मरीज मिलने पर जिला प्रशासन ने छह नए हॉटस्पॉट घोषित किए, जिसमें दूध विनायक थाना कोतवाली, न्यू कॉलोनी ककरमत्ता थाना मंडुवाडीह, स्वास्तिक गार्डेनिया पुरानी चुंगी थानां शिवपुर, जैन मंदिर गली थाना लंका, लोधीपुरा कॉलोनी थाना कैंट, रामापुरा थाना लक्सा शामिल है। इस प्रकार जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 211 हो गई है। शनिवार को पांच हॉटस्पॉट कमला नगर, बादशाहबाग, प्रज्ञापुरी, भवानीपुर, बृज इंक्लेव ग्रीन जोन में आ गए हैं। हाटस्पाट सरांयनन्दन फिर रेड जोन में आ गया है। प्रकार 115 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट्स की संख्या 96 है, जिसमें से 23 ऑरेंज जोन में एवं 73 रेड जोन में है।

Posted By: Inextlive