2009 में भाजपा के मुरली मनोहर जोशी ने मुख्तार अंसारी को मात्र 17211 वोट से हराया 2019 में सबसे अधिक रिकार्ड 479505 मतों के बड़े अंतर से नरेंद्र मोदी को मिली जीत


वाराणसी (ब्यूरो)वाराणसी लोकसभा सीट का इतिहास बड़ा रोचक है। 2009 में ही यह सीट वीवीआईपी में शुमार हो गई थी। 17 बार लोकसभा चुनाव हुआ, लेकिन 2009 में ही इस सीट पर रोचक मुकाबला देखने को मिला था। लड़ाई भी एम बनाम एम थी। यानी भाजपा के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी और जरायम की दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाले मुख्तार अंसारी के बीच चुनावी जंग हुई थी। आगरा जेल में बंद होने के बावजूद मुख्तार अंसारी ने लड़ाई को रोचक बना दिया था। मुख्तार अंसारी यह चुनाव जीतते-जीतते रह गया था। हालांकि जब नतीजे आए तो करीबी मुकाबले और काफी उतार-चढ़ाव के बीच भाजपा के मुरली मनोहर जोशी ने जीत दर्ज की थी। जीत-हार में मात्र 17,211 वोटों का अंतर था। ऐसा मुकाबला 2009 के पहले और बाद में कभी नहीं देखने को मिला। इसके इतर 2019 में वाराणसी सीट पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सपा की शालिनी यादव को रिकार्ड 4,79,505 मतों के बड़े अंतर से हराया, जो अब तक की सबसे बड़ी जीत है। 1957 के लोकसभा चुनाव से अस्तित्व में आई वाराणसी लोकसभा सीट अब तक जीत-हार में कितने वोट का अंतर रहा है, आप भी जानिए।

1957 : कांग्रेस के रघुनाथ सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार शिवमंगल राम को 71,926 वोट से शिकस्त दी थी।

1962 : कांग्रेस के रघुनाथ सिंह फिर से जीतने में सफल रहे। जनसंघ उम्मीदवार रघुवीर को 45,907 वोटों से हराया।

1967 : वाराणसी सीट पर गैर कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली। उस चुनाव में यहां से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जीत दर्ज की। भाकपा उम्मीदवार एसएन सिंह ने कांग्रेस के रघुनाथ सिंह को 18,167 मतों से हरा दिया।

1971 : एक बार फिर कांग्रेस ने वापसी की। कांग्रेस के राजा राम शास्त्री ने भारतीय जनसंघ के कमला प्रसाद सिंह को 52,941 वोट से हराया।

1977 : आपातकाल के बाद कांग्रेस को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। भारतीय लोक दल के चंद्रशेखर सिंह ने कांग्रेस के राजा राम को 1,71,854 वोट से हराया.

1980 : यूपी के पूर्व सीएम पंडित कमलापति त्रिपाठी ने जनता पार्टी (सेक्युलर) के प्रत्याशी राज नारायण को 24,735 वोटों से हराया।

1984 : कांग्रेस इस सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही। इस चुनाव में पार्टी के श्याम लाल यादव ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी प्रत्याशी ऊदल को 94,430 वोटों से हराया।

1989 : जनता दल के अनिल शास्त्री ने कांग्रेस उम्मीदवार श्याम लाल यादव को 1,71,603 वोटों से हरा दिया।

1991 : पहली बार वाराणसी सीट पर भाजपा को जीत मिली। भाजपा के श्रीचंद्र दीक्षित ने माकपा के राजकिशोर को 40,439 मतों से शिकस्त दी।

1996 : भाजपा के शंकर प्रसाद जायसवाल ने माकपा के राजकिशोर को 1,00,692 वोटों से हराया.

1998 : लोकसभा चुनाव में भाजपा के शंकर प्रसाद जायसवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने माकपा के दीनानाथ सिंह यादव को 1,51,946 वोटों से बड़ी पटखनी दी।

1999 : भाजपा के शंकर प्रसाद जायसवाल ने जीत की हैट्रिक लगाई। उन्होंने कांग्रेस के राजेश कुमार मिश्रा को 52,859 मतों से हराया।

2004 : 15 साल बाद कांग्रेस ने वापसी की। कांग्रेस के टिकट पर दोबारा चुनाव लडऩे वाले राजेश कुमार मिश्रा ने भाजपा के शंकर प्रसाद जायसवाल को 57,440 मतों से हराया.

2009 : वाराणसी वीवीआईपी सीटों में शामिल हो गई। उस चुनाव में इलाहाबाद से आकर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ। मुरली मनोहर जोशी ने दावेदारी ठोकी थी। इधर बसपा ने बाहुबली मुख्तार अंसारी को उतार दिया था। जब नतीजे आए तो करीबी मुकाबले में जोशी जीत दर्ज करने में सफल रहे। भाजपा इस चुनाव में 17,211 वोटों से जीत गई।

2014 : गुजरात के सीएम रहे नरेंद्र मोदी को भाजपा ने प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित किया और वडोदरा के साथ-साथ वाराणसी सीट से भी नामांकन किया। उधर मोदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी से अरविंद केजरीवाल तो कांग्रेस से अजय राय मैदान में थे। उस चुनाव में वाराणसी देश की सबसे चर्चित सीट बन गई। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नरेंद्र मोदी को 5,81,022 वोट मिले। वहीं दूसरे स्थान पर रहे केजरीवाल के पक्ष में 2,09,238 लोगों ने वोट किया। इस तरह से नरेंद्र मोदी 3,71,784 वोटों से चुनाव जीतने में सफल रहे। पीएम मोदी को वडोदरा सीट पर भी जीत मिली, लेकिन उन्होंने प्रतिनिधित्व के लिए वाराणसी को चुना।

2019 : भाजपा ने फिर पीएम नरेंद्र मोदी उतारा। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा। नतीजे एक बार फिर भाजपा के पक्ष में रहे और यहां पीएम ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले.

Posted By: Inextlive