-साड़ी से लेकर ज्वेलरी व कास्मेटिक की शॉप पर उमड़ रही महिलाओं की भीड़

-ट्रेंड के हिसाब से हो रही खरीदारी, नौ सितंबर को है तीज

धर्म संस्कृति और सामाजिक एकता को एक सूत्र में पिरोने वाला सामाजिक पर्व हरितालिका तीज का व्रत 9 सितंबर को है। इस त्योहार के लिए बाजार में साड़ी, ज्वेलरी व कास्मेटिक की दुकानों पर महिलाओं की खूब भीड़ उमड़ रही है। इससे बाजार में रौनक बढ़ गई है। सबसे ज्यादा भीड़ उन दुकानों पर है जहां सबसे अधिक कलेक्शन है। बदलते फैशन के दौर में महिलाओं की पसंद में भी बदलाव आया है। नए युग की महिलाओं का ट्रेंड टीवी सीरियलों की तरह है। जो वस्त्र फिल्मों व सीरियल में ट्रेंड में है वही इस समय बाजार में भी छाया हुआ है। इस बार तीज पर महिलाओं के बीच बनारसी आरगंजा और वन मिनट साड़ी खूब ट्रेंड में है।

मेकओवर के बाद साडि़यां

बदलते ट्रेंड में साडि़यों की खरीदारी का भी ट्रेंड बदला है। परंपरागत तरीकों में महिलाएं साड़ी देखकर खरीदती थीं। बदलते दौर में महिलाएं साड़ी की खरीदारी करते समय साड़ी के साथ ज्वेलरी पहनकर देख रही हैं कि कैसा लुक आएगा उस आधार पर खरीदारी कर रही हैं। कंपलीट मेकओवर में वह पर्व विशेष में कैसी दिखेंगी उसकी तैयारी के हिसाब से भी खरीदारी हो रही है।

हल्का रंग का खूब ट्रेंड

अब महिलाएं चटख रंगों से परहेज कर रही हैं। उनको अब हर रंग का लाइट कलर खूब भा रहा है। बाजार में इसे पिस्टल रंग के नाम से जाना जाता है। पिस्टल रंग में गुलाबी, आसमानी, लाल, क्रीम, बैगनी, हरा सहित अन्य सभी के हल्के रंग खूब ट्रेंड में हैं।

इन साडि़यों की खूब है डिमांड

इस समय इंडो-वेस्टर्न, टू पार्ट, फ्रील, वन मिनट, सीक्वेंस वर्क, जरदोजी, क्रेप वर्क पर साटन, नेट, सिफान के कपड़े खूब डिमांड में हैं। वहीं बनारसी आरगंजा (कागज से भी पतले कपड़े) से बनी ट्रांजी लुक वाली लाइट वेट में साइड लुंबे वाली साड़ी भी खूब पसंद की जा रही है। इसके अलावा उम्र दराज महिलाएं काटन और सिल्क की साडि़या खूब खरीद रही हैं। सूट में राजस्थानी बंधेज और लहंगे में जयपुरिया लहंगा खूब ट्रेंड में चल रहा है। वहीं हैंडवर्क कार चोबिका (राजस्थानी वर्क) भी चलन में हैं। इसके अलावा स्थानीय डिजाइनजरों के भी वर्क खूब पसंद किए जा रहे हैं।

विराट विला मेंटेनेंस सोसाइटी, सखी पैड बैंक, वुमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी एवं ओसम क्लब द्वारा तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया गया।

Posted By: Inextlive