-जूम एप की बजाय अब व्यापारी अपनाएंगे जियोमीट एप

-कैट ने कर दिया ज़ूम एप्लीकेशन का बहिष्कार

गलवान घाटी में चीनी सेना से हुई झड़प के बाद लोगों का चीन के प्रति नाराजगी बढ़ गयी है। सरकार ने चीनी एप पर बैन लगा दिया। वहीं पब्लिक भी अपने स्तर से चीनी वस्तुओं का बहिष्कार कर रही है। इसी क्रम में खाद्य व्यापार मंडल ने बुधवार को बड़ा फैसला लेते हुए बनारस समेत पूरे पूर्वांचल के व्यापारियों से जूम एप का बहिष्कार करने की अपील की है। खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवरतन राठी एवं कैट एक्शन कमेटी के जिला प्रभारी गौरव राठी ने संयुक्त रुप से जिले के व्यापारियों से ज़ूम एप्लिकेशन को बहिष्कार करने की अपील की। इस चीनी एप की जगह जियोमीट एप को अपनाने का सुझाव भी दिया।

अभियान को बनाना है सफल

कैट ने बनारस समेत देश भर के व्यापारियों और सभी राज्यों में फैले व्यापारी संगठनों को यह सलाह दी है कि वे अपने संवाद मंच के रूप में अब ज़ूम का उपयोग न करें। हालांकि कैट की टेक्नोलॉजी टीम अन्य उपलब्ध एप्लीकेशनों का भी आंकलन कर रही है। कैट ने यह निर्णय ज़ूम एप को लेकर देश भर के व्यापारी नेताओं से प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों को ध्यान में रखकर लिया है। राष्ट्रीय संगठन का यह कदम उसके बहुआयामी अभियान भारतीय सामान-हमारा अभिमान को सशक्त बनाने के लिए उठाया गया है। व्यापारी नेता ने बताया कि राष्ट्रीय संगठन (कैट) का यह निर्णय सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर लिया गया है।

लीक हो सकता है डाटा

ज़ूम के कुछ सर्वर चीन में भी हैं जिसकी वजह से डाटा के लीक होने का खतरा बना रहता है। इस आशंका को भी खारिज नहीं किया जाता की इसका दुरूपयोग भारत के हितों के खिलाफ भी सो सकता है। व्यापारी नेता द्वय ने कहा की वर्तमान परिस्थितियों में वाराणसी सहित पूर्वांचल के साथ ही देश के व्यापारी एवं अन्य वर्गो के लोग चीन के खिलाफ एक आíथक लड़ाई छेड़े हुए हैं। इस लड़ाई में डाटा का बड़ा महत्व है, इस नजरिये से हम हर उस स्त्रोत को समाप्त करना चाहते हैं जिसके जरिये भारत का डाटा देश के बाहर न जाये। कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिसमें ज़ूम का सुरक्षा के लिए खतरा होने के पर्याप्त संकेत मिलते हैं।

सरकार की भी है सलाह

वर्तमान में भारत सरकार ने भी एक लेटर जारी कर अधिकारियों को ज़ूम का उपयोग न करने की सलाह दी है। किसी अन्य विश्वसनीय विकल्प के अभाव में खाद्य व्यापार मंडल सहित देश भर के व्यापारी संगठन काफी समय से ज़ूम का इस्तेमाल कर रहे थे। राष्ट्रीय संगठन (कैट) ने लॉकडाउन के शुरू होने के कारण 25 मार्च से लगातार देश भर के 200 से अधिक व्यापारी नेताओं के साथ संवाद कायम रखने के लिए लगातार ज़ूम का उपयोग किया है। चीन द्वारा सीमा पर भारत के साथ की गई घटना को लेकर देश भर के अनेक व्यापारियों ने ज़ूम का उपयोग न करने का मन बना लिया है जिसको देखते हुए अब कैट ने ज़ूम का उपयोग न करने का निर्णय लिया है।

चीनी वस्तुओं के बहिष्कार को लेकर राष्ट्रीय संगठन के अभियान के क्रम में अब जूम एप की जगह व्यापारी संगठन भारतीय जियोमीट को अपनाया है, लेकिन अन्य उपलब्ध एप्लीकेशनों की सरलता और गुणवत्ता पर कैट की टेक्नोलॉजी टीम काम कर रही है।

- नवरतन राठी, अध्यक्ष-खाद्य व्यापार मंडल

Posted By: Inextlive