-सीएम ने एलटी ग्रेड में चयनित टीचर्स को दिया ज्वॉइनिंग लेटर

-टोटल 15 में से नौ कैंडीडेट्स को मिला लेटर

राजकीय माध्यमिक स्कूलों में एलटी ग्रेड में चयनित 3317 टीचर्स को नियुक्ति पत्र मिलना शुरू हो गया है। इसका शुभारंभ शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। आनलाइन आयोजित समारोह में उन्होंने राजकीय माध्यमिक स्कूलों में एलटी ग्रेड में चयनित शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र दिया। जिले में नौ अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिला। नियुक्ति पत्र मिलते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान सीएम ने बनारस की चयनित अभ्यर्थी मनीषा थपरियाल व उसके पूरे परिवार को बधाई दी। सीएम ने कहा कि मन लगाकर पढ़ाएं और माध्यमिक शिक्षा व बनारस की एक अलग ही पहचान बनाएं।

छह चयनित टीचर्स नहीं पहुंचे

जिले के नवनियुक्त 15 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के लिए कचहरी स्थित जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) सभागार में बुलाया गया था। वहीं, किन्ही कारणवश छह चयनित शिक्षक नहीं पहुंच सके थे। मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ से ही आनलाइन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जारी करने की घोषणा की। इस क्रम में उन्होंने वाराणसी सहित कई जनपद की नवनियुक्त शिक्षकों से बात भी की। बनारस की नव नियुक्त शिक्षक मनीषा से पूछा कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद आप को कैसा महसूस हो रहा है। इस पर मनीषा ने कहा कि उसे बहुत खुशी हुई है। मनीषा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया।

शिक्षक व्यवस्था बदलने में सक्षम

सीएम ने कहा कि शिक्षक ही छात्रों के भविष्य को सही मार्ग दिखाते हैं और यही छात्र आगे चलकर देश को मजबूत बनाने का काम करते हैं। आज चयनित सभी युवाओं को इसे सिद्ध करना होगा। एक शिक्षक चाहे तो समाज की व्यवस्था में परिवर्तन ला सकता है। ऐसे में पूरी ईमानदारी से बच्चों को पढ़ाने की जरूरत है। इस क्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री डा। नीलकंठ तिवारी ने नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटा। एनआइसी में आयोजित समारोह में विधायक नील रतन पटेल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, हंसराज विश्वकर्मा, विद्यासागर राय, संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक डा। वीपी सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शिव पूजन द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी अर¨वद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

मेरिट पर स्कूलों का आवंटन

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक अध्यापक के पद पर चयनित अभ्यर्थियों से 28 सितंबर से आठ अक्टूबर तक ऑनलाइन विकल्प मांगे गए थे। चयनित शिक्षकों को मेरिट व उनके द्वारा भरे गए विकल्प के आधार पर स्कूल आवंटित किया गया है। वहीं, दिव्यांगों को वरीयता दी गई है।

इन्हें मिला नियुक्ति पत्र

संस्कृत विषय में मनीषा थपरियाल व सुनील कुमार, अंग्रेजी में खुशबू गुप्ता, राहुल पाठक, जनार्दन सिंह यादव, अमित कुमार, आरती, सूरज कुमार मिश्रा तथा जीव विज्ञान में राजू यादव।

ये रहे अब्सेंट

अमित कुमार यादव, अनिल कुमार चौरसिया, बृजेश कुमार, विकास त्रिपाठी, राजीव कुमार वर्मा व जूही साहू।

Posted By: Inextlive