=प्रदेश सरकार के मंत्री मंडल में काशी को मिली तरजीह

-भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रीमंडल में बनारस को विशेष स्थान मिला है। पहले से ही राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त दो मंत्रियों का पद और कद बढ़ा तो वहीं उत्तरी विधायक रविंद्र जायसवाल को भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का दर्जा देकर मंत्रियों की संख्या तीन कर दी गई। इस तरह शहर को दो हिस्सों में बांटने वाली वरुणा नदीं के दोनों तरफ के प्रतिनिधि सरकार में अहम भूमिका में आए गए हैं। इससे शहर में चौतरफा विकास की उम्मीद है।

शिवपुर विधायक अनिल राजभर को राज्यमंत्री से कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। शहर दक्षिणी विधायक डॉ। नीलकंठ तिवारी को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार देकर कद बढ़ाया गया। वहीं दो बार से उत्तरी विधायक रविंद्र जायसवाल को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का दर्जा दिया गया। लखनऊ में मंत्रियों के शपथ लेते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विधायकों के आवास सहित अन्य जगहों पर ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए खुशी मनाई गई।

कराया मुंह मीठा

गुलाबबाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आपस में मिठाई बांट खुशी जाहिर की। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में युवाओं को तरजीह दिए जाने से निश्चित रूप से विकास कार्यो में और तेजी आएगी।

कार्यालय पर मना जश्न

उत्तरी विधायक रविंद्र जायसवाल के मंत्री पद की शपथ लेते ही उनके शंकर भवन स्थित कार्यालय में जश्न का माहौल हो गया। ढोल-नगाड़े बजने लगे, आतिशबाजी होने लगी। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की गई। इस दौरान धूपचंडी मंडल के सिद्धनाथ शर्मा, सुनील कुमार गुप्ता, राजेंद्र यादव, प्रिंस गुप्ता, दीपू कन्नौजिया, संजीव, अमर गुप्ता, संदीप अग्रहरी, इंद्रभूषण गुप्ता, रामबाबू आदि रहे। भाजपा के क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी पीयूष वर्धन सिंह के नेतृत्व लंका स्थित पार्क में बधाई उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान राजगीर सिंह, धैर्यवर्धन सिंह, रवि पटेल, रामइकबाल सिंह, विकास तिवारी, सुमित सिंह, अभिषेक, मनोज सिंह, रामप्यारे, ऋत्विक चौबे, मुकेश भारती, राहुल यादव, संदीप पटेल आदि रहे।

Posted By: Inextlive